कर्नाटक में पन्ना के 21 मजदूर बंधक, पुलिस ने दर्ज की शिकायत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से काम की तलाश में गए 21 ग्रामीणों को कर्नाटक में बंधक बनाए जाने की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इन श्रमिकों में नौ महिलाएं और 10 बच्चे भी शामिल हैं, जिनसे 14 से 15 घंटे गन्ने की कटाई कराई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि दो माह से बिना मजदूरी दिए उन्हें रोका गया है।

मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से रोजगार की तलाश में कर्नाटक गए 21 ग्रामीणों को पिछले दो महीने से कथित तौर पर बंधक बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, कथित तौर पर बंधक बनाए गए मजदूरों के परिजनों ने शनिवार को बोरी चौकी में लिखित शिकायत देकर उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कराने और उन्हें झांसा देकर ले जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने बताया कि इन मजदूरों में नौ महिलाएं और 10 बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पन्ना के पुलिस अधीक्षक सब्यसाची सराफ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पवई के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) और शाहनगर थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई करने तथा सभी मजदूरों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस बीच, मजदूरों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी परेशानी बताई और सरकार तथा जिला प्रशासन से उन्हें सुरक्षित घर वापस लाने की गुहार लगाई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि मजदूरों को रोजगार दिलाने का झांसा देकर महाराष्ट्र के औरंगाबाद ले जाने की बात कही गई थी लेकिन उन्हें कर्नाटक के विजयपुर जिले की इंडी तहसील के पास पहुंचा दिया गया। उन्होंने बताया कि वहां मजदूरों से प्रतिदिन 14 से 15 घंटे तक गन्ने की कटाई और लोडिंग का काम कराया जा रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि दो महीने से काम करने के बावजूद उन्हें मजदूरी नहीं दी गई और घर लौटने की अनुमति भी नहीं मिल रही है।

मजदूरों ने सोशल मीडिया पर जारी कथित वीडियो में बताया कि मजदूरी नहीं मिलने के कारण उनके पास खाने-पीने के लिए भी पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों की हालत भी बिगड़ रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़