Israel को 2,000 पाउंड वाले 40,000 बम बेचने की तैयारी में Donald Trump प्रशासन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन इजराइल को 2.8 अरब डॉलर मूल्य के शक्तिशाली बमों की आपूर्ति करने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने गाजा में भारी तबाही की आशंका के चलते इन हथियारों की आपूर्ति रोक दी थी। इस प्रस्तावित पैकेज के तहत 40,000 बम दिए जाने हैं और अमेरिकी कांग्रेस को इसकी अनौपचारिक जानकारी दे दी गई है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन एक प्रस्तावित सैन्य समझौते के तहत इजराइल को 2,000 पाउंड वजन वाले बेहद शक्तिशाली बम देने की योजना बना रहा है। ये वही हथियार हैं, जिनकी आपूर्ति पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने गाजा में भारी तबाही और बड़े पैमाने पर जनहानि की आशंका के कारण रोक दी थी। दो अमेरिकी अधिकारियों ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर मंगलवार को बताया कि, 2.8 अरब डॉलर के इस पैकेज में कुल 40,000 बम देने की योजना है।

हालांकि कि इस योजना को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है। अमेरिकी कांग्रेस को इस समझौते के बारे में अनौपचारिक रूप से सूचित कर दिया गया है। सौदे की अधिकांश राशि विदेशी सैन्य वित्तपोषण के माध्यम से चुकाई जानी है।

इसके तहत अमेरिकी करदाताओं के पैसे इजराइल को दिए जाते हैं, और इजराइल उसी राशि का इस्तेमाल अमेरिका से हथियार खरीदने के लिए करता है। यह प्रस्तावित बिक्री इजराइल की सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने के ट्रंप प्रशासन की ओर से उठाए जा रहे कदमों की श्रृंखला में नवीनतम है। गाज़ा में जारी संघर्ष के कारण हजारों फलस्तीनी मारे गए हैं और इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तबाही हुई है।

अमेरिका की मध्यस्थता से एक युद्धविराम हुआ था, लेकिन इसके बावजूद हिंसा हुई। हथियार बिक्री संबंधी योजना की जानकारी सबसे पहले ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ ने अपनी खबर में दी। समझौते की तैयारी ऐसे समय में हो रही है, जब हमास के सात अक्टूबर, 2023 के घातक हमले के जवाब में गाजा में शुरू किए गए युद्ध के कारण इजराइल को बढ़ते अंतरराष्ट्रीय अलगाव का सामना करना पड़ रहा है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़