Arizona हत्या का आरोपी Varun Bachigari जर्मनी में गिरफ्तार, भारत भागने की थी योजना

Varun Bachigari
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अमेरिका के एरिजोना में 19 वर्षीय जूलिसा रूबी सालाजार की हत्या के आरोपी भारतीय मूल के छात्र वरुण बाचिगारी को टक्सन पुलिस ने बर्लिन पुलिस के सहयोग से जर्मनी पहुंचते ही हिरासत में ले लिया। यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना के इस 20 वर्षीय छात्र पर 6 अगस्त को टक्सन स्थित एक अपार्टमेंट में हत्या और अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता का मोबाइल और क्रेडिट कार्ड लेकर जर्मनी के लिए रवाना हो गया था, जहां से वह भारत लौटने की कोशिश में था।

अमेरिका के एरिजोना राज्य के टक्सन में प्रेमिका की हत्या के आरोपी भारतीय छात्र को स्वदेश लौटने के लिये विमान में सवार होने से पहले जर्मनी में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। टक्सन पुलिस ने बताया कि पकड़े गये छात्र की पहचान वरूण बाचिगारी (20) के तौर पर हुयी है और वह यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना में ‘बिजनेस एनालिटिक्स’ का छात्र है।

पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ छह अगस्त को टक्सन स्थित एक अपार्टमेंट में जूलिसा रूबी सालाजार (19) की हत्या करने का आरोप है। टक्सन पुलिस विभाग के अनुसार बाचिगारी टक्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचा, जहां से उसने जर्मनी के लिए उड़ान पकड़ी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की योजना जर्मनी से भारत जाने की थी लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जांचकर्ताओं ने बाचिगारी के खिलाफ हत्या और अपहरण के आरोप में गिरफ्तारी वारंट हासिल किया था। टक्सन पुलिस ने एक बयान में कहा कि पुलिस ने बर्लिन पुलिस के साथ मिल कर बाचिगारी को जर्मनी पहुंचते ही हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

जांचकर्ताओं का आरोप है कि बाचिगारी ने हत्या के बाद सालाजार का मोबाइल फोन और क्रेडिट कार्ड ले लिया तथा अपराध छिपाने के प्रयास में पीड़िता बनकर उसकी मां को कई संदेश भेजे। इन संदेशों से सालाजार के परिवार को चिंता हुई, जिसके बाद उन्होंने उसकी कुशलक्षेम जानने के लिए पुलिस से संपर्क किया। पुलिस द्वारा की गई जांच के दौरान अधिकारियों ने उसका शव बरामद किया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़