26/11 के 18 साल: पाकिस्तान की पनाह में आज भी आजाद हैं हमले के 6 मास्टरमाइंड

26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद और लखवी सहित कई आरोपी पाकिस्तान में सरकारी संरक्षण में खुलेआम घूम रहे हैं। भारत द्वारा सबूत मांगने और प्रत्यर्पण के अनुरोधों के बावजूद पाकिस्तान ने कोई सहयोग नहीं दिया। अधिकांश साजिशकर्ता पाकिस्तान में सुरक्षित हैं, जबकि केवल तहव्वुर राणा ही भारतीय जांच एजेंसियों की हिरासत में आ पाया है।
26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के छह मुख्य साजिशकर्ता - जिनमें लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का प्रमुख हाफिज सईद और संगठन का ऑपरेशंस चीफ जकी-उर-रहमान लखवी शामिल हैं - पाकिस्तान में खुलेआम घूमते हैं और बिना किसी गंभीर कानूनी कार्रवाई का सामना किए अपने आतंकी नेटवर्क चलाते हैं। भारतीय खुफिया एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तानी धरती पर मौजूद सईद, लखवी और चार अन्य मुख्य लोगों लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के शीर्ष कमांडर साजिद मजीद (उर्फ साजिद मीर, जिसने हमले की देखरेख की थी), पाकिस्तानी सेना के सेवानिवृत्त मेजर अब्दुर रहमान हाशिम सैयद (उर्फ पाशा), तथा ISI अधिकारी मेजर इकबाल और मेजर समीर अली को न केवल 26/11 के लिए किसी सजा से छूट मिल गई, बल्कि उन्हें पाकिस्तानी सरकार का संरक्षण भी प्राप्त हुआ। अमेरिका के दबाव में, 2020 में पाकिस्तान में सईद को 78 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। लेकिन भारतीय अधिकारियों का कहना है कि वह ISI की सुरक्षा में है और बेरोकटोक अपने संगठन की आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता है।
इसे भी पढ़ें: CM Dhami ने 36 नए नायब तहसीलदारों को दिए नियुक्ति पत्र, कहा- 5 साल में दीं 36000 नौकरियां
खबरों के अनुसार मीर को गिरफ्तार किया गया था और उसे आठ साल की जेल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन उसके ठिकाने के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। लखवी को 2021 में आतंकी फंडिंग के मामले में पांच-पांच साल की तीन लगातार सजाएं सुनाई गईं। भारतीय एजेंसियों का कहना है कि वह अपनी गतिविधियों को बेरोकटोक जारी रख सकता है। ISI के दो अधिकारियों और सेना के एक अधिकारी के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। 26/11 हमलों के समय, साजिश रचने वाले 10 लोगों में से 7 पाकिस्तान में मौजूद थे। वे हमले की योजना बनाने से लेकर कंट्रोल रूम चलाने तक, हर काम में शामिल थे। एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया हमने पाकिस्तान सरकार को लेटर रोगेटरी (न्यायिक अनुरोध) भेजकर उनके खिलाफ जानकारी और सबूत मांगे थे, लेकिन अब तक उनकी तरफ से कोई सहयोग नहीं मिला है।
इसे भी पढ़ें: Latif Bhat के खात्मे के बाद घाटी में कोई स्थानीय आतंकी नहीं, LeT और JeM के 65 विदेशी रडार पर
भारत ने पाकिस्तान से सईद के प्रत्यर्पण का भी अनुरोध किया था, जो अभी तक लंबित है। साजिश में शामिल दो अन्य लोग - लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के पूर्व डिप्टी हेड और सईद के बहनोई, अब्दुल रहमान मक्की की दिसंबर 2024 में लाहौर में मौत हो गई। वहीं, अल-कायदा और पाकिस्तान स्थित उससे जुड़े संगठन 'हरकत-उल जिहाद इस्लामी' के नेता इलियास कश्मीरी की, जून 2011 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मौत होने की खबर है। भारतीय एजेंसियों की पहुंच साजिश रचने वाले 10 लोगों में से केवल एक तक हो पाई - अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 2011 में हेडली से पूछताछ की थी, हालांकि वाशिंगटन ने उसे भारत को सौंपने (कस्टडी देने) से इनकार कर दिया था।
इसे भी पढ़ें: Ladakh में 242 खिलाड़ियों को मिली 3 करोड़ से अधिक की Sports Scholarship और नकद पुरस्कार
हेडली के बचपन के दोस्त, पाकिस्तानी-कनाडाई डॉक्टर तहव्वुर राणा को पिछले साल अप्रैल में भारत लाया गया था और वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। राणा से पूछताछ के आधार पर, पिछले साल जुलाई में 26/11 हमलों के मामले में एक नई चार्जशीट दाखिल की गई थी। NIA ने अदालत में जमा किए गए दस्तावेजों में कहा है कि राणा 2006 से ही 26/11 मुंबई हमलों की साजिश का हिस्सा था और 13 से 21 नवंबर 2008 के बीच भारत आया था। हमलों से ठीक पहले वह दुबई में था, जहाँ उसने पाशा से मुलाकात की और बाद में चीन चला गया। चीन से, वह हमलों के दिन यानी 26 नवंबर 2008 को वापस अमेरिका लौट गया। 26/11 की इस पूरी साजिश में 10 आरोपी शामिल थे, जिनमें से सात हमले के समय पाकिस्तान में मौजूद थे। अबू कहफा, अबू अलकमा, मुज़म्मिल, अबू अनस और अबू हमज़ा - जिन्होंने 10 आतंकवादियों को ट्रेनिंग देने से लेकर उन्हें धार्मिक शिक्षा देने तक, अलग-अलग चरणों में अहम भूमिका निभाई थी - उनके भी पाकिस्तान में होने की बात कही जा रही है।
अन्य न्यूज़













