चक्रवाती तूफान में फंसे पी305 से 261 लोगों में से अब तक 186 को बचाया गया, 26 लोगों के शव बरामद

cyclone

अरब सागर में चार दिन पहले डूबे बजरे पर मौजूद लोगों में से 49 अब भी लापता हैं और उन्हें खोजने के लिए घने अंधेरे के बीच नौसेना का तलाश एवं बचाव अभियान रात भर चला। हालांकि इन लोगों के जीवित बचे होने की संभावना बृहस्पतिवार तक क्षीण हो चुकी थी।

मुंबई। अरब सागर में चार दिन पहले डूबे बजरे पर मौजूद लोगों में से 49 अब भी लापता हैं और उन्हें खोजने के लिए घने अंधेरे के बीच नौसेना का तलाश एवं बचाव अभियान रात भर चला। हालांकि इन लोगों के जीवित बचे होने की संभावना बृहस्पतिवार तक क्षीण हो चुकी थी। उल्लेखनीय है कि बजरा पी305 चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के कारण मुंबई के तट से कुछ दूरी पर सागर में फंस गया था और फिर डूब गया था। नौसेना ने बृहस्पतिवार को हेलीकॉप्टर तैनात किए और हवाई मार्ग से तलाश एवं बचाव अभियान चलाया।

इसे भी पढ़ें: तेजी से टीकाकरण नहीं किया गया, तो तीसरी लहर के बुरे परिणाम की आशंका है: वैज्ञानिक

पी305 पर मौजूद लोगों में से कम से कम 26 लोगों की मौत हो चुकी है, 49 लोग अब भी लापता हैं। बेहद खराब मौसम से जूझते हुए नौसेना के जवानों ने बजरे पी305 पर मौजूद 261 लोगों में से अब तक 186 को बचा लिया है, दो लोगों को टगबोट वारप्रदा से बचाया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि अब लोगों के जीवित मिलने की संभावना बहुत ही कम है। एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने घोषणा की है कि वह पड़ताल करेगी कि चक्रवात की चेतावनी के बावजूद ये बजरे पानी में क्यों थे।

इसे भी पढ़ें: देश में सभी वयस्कों को साल के अंत तक लग जाएगा कोविड रोधी टीका : हर्षवर्धन

नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘नौसेना का तलाश एवं बचाव अभियान आज चौथे दिन भी जारी है। नौसेना के पोत तथा विमान पी305 पर मौजूद लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। यह बजरा मुंबई तट से 35 समुद्री मील दूर पर डूब गया था।’’ उन्होंने बताया कि नौसेना का एक अन्य पोत आईएनएस तलवार भी इस अभियान में मदद कर रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़