नोटबंदी के एक महीने बाद जनधन खातों से 5,000 करोड़ की निकासी

[email protected] । Jan 29 2017 3:05PM

जनधन खातों से नोटबंदी के एक महीने बाद यानी 7 दिसंबर से 5,582.83 करोड़ की निकासी हुई है। उस दिन इन खातों में नोटबंदी के मद्देनजर जमा अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गई थी।

जनधन खातों से नोटबंदी के एक महीने बाद यानी 7 दिसंबर से 5,582.83 करोड़ रुपये की निकासी हुई है। उस दिन इन खातों में नोटबंदी के मद्देनजर जमा अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गई थी। जनधन खातों में कुल जमा 7 दिसंबर को 74,610 करोड़ रुपये के रिकार्ड उच्चस्तर पर पहुंच गई। बाद में इसमें गिरावट आनी शुरू हुई। वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 11 जनवरी को यह घटकर 69,027.17 करोड़ रुपये पर आ गई।

7 दिसंबर से 11 जनवरी की अवधि में जनधन खातों से कुल जमा में 5,582.83 करोड़ रुपये की कमी आई। जनधन खातों की संख्या 26.68 करोड़ है। इन खातों का दुरुपयोग रोकने के लिए निकासी की मासिक सीमा 30 नवंबर से 10,000 रुपये तय की गई है। जनधन खातों में जमा की अधिकतम सीमा 50,000 रुपये है। 9 नवंबर को 500 और 1,000 का नोट बंद करने के दौरान 25.5 करोड़ जनधन खातों में 45,636.61 करोड़ रुपये की राशि जमा थी। नोटबंदी की घोषणा के एक महीने के भीतर जनधन खातों में जमा में 28,973 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ था। इस बीच, आधार से जुड़े जनधन खातों की संख्या 11 जनवरी को समाप्त सप्ताह में बढ़कर 15.36 करोड़ हो गई है जो नोटबंदी के दिन 13.68 करोड़ थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़