Assam की पांच लोकसभा सीटों पर सुबह नौ बजे तक 9.15 प्रतिशत मतदान

Assam voting
ANI

असम की इन पांच लोकसभा सीट पर कुल 77,26,668 मतदाताओं में से 8,61,559 महिला और 179 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। यहां कुल 9,133 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत असम की पांच लोकसभा सीटों पर शुक्रवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और नौ बजे तक कुल 77,26,668 मतदाताओं में से अनुमानित 9.15 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीफू (अजजा) सीट पर सबसे अधिक 14.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, इसके बाद करीमगंज में 9.61 प्रतिशत, दरांग-उदलगुरी में 9.16 प्रतिशत, नगांव में 9.07 प्रतिशत और सिलचर में सबसे कम 5.49 प्रतिशत मतदान हुआ।

इन सीटों पर कुल 61 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सभी लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा, असम में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान हो रहा है। मैं प्रत्येक नागरिक से मतदान करने का आग्रह करता हूं। आपका मत कीमती है और यह आने वाले वर्षों में भारत की दिशा तय करेगा।

असम की इन पांच लोकसभा सीट पर कुल 77,26,668 मतदाताओं में से 8,61,559 महिला और 179 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। यहां कुल 9,133 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इन पांच लोकसभा सीट पर कई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में खराबी की सूचना मिली है, हालांकि बाद में इन्हें ठीक कर दिया गया। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर लगभग एक घंटे तक मतदान शुरू नहीं हो सका।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़