Delhi के जैतपुर में 21 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, दो गिरफ्तार

पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर 24 वर्षीय ग्राफिक डिजाइनर आशीष और 17 वर्षीय एक नाबालिग को पकड़ लिया। इसने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
दिल्ली के जैतपुर इलाके में दो गुटों के बीच हुई झड़प में 21 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना बृहस्पतिवार देर रात उस समय हुई जब एक गुट के लोग सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुए विवाद के बाद सुलह बैठक के लिए दूसरे समूह से मिलने गए थे। इसने बताया कि पुलिस को रात 11 बजकर 18 मिनट पर सूचना मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम को तीन व्यक्ति घायल अवस्था में मिले जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से एक कृष्णा साहू (21) के सीने, कंधे और पीठ पर कई जगह चाकू से वार किए गए थे जिसे एम्स ट्रॉमा सेंटर में मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि घायल सनी (21) को पेट और जांघ में चोटें आईं जिसका इलाज किया जा रहा था, तथा प्रिंस (19) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह झड़प आपसी परिचितों के बीच निजी विवाद के कारण हुई।
विवाद तब शुरू हुआ जब आरोपियों में शामिल दीपक ने प्रिंस को निशाना बनाते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। इसने कहा कि दोनों पक्षों ने मामले को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए मिलने पर सहमति जताई थी लेकिन बैठक के दौरान कहासुनी हो गई और आरोपी चाकू से हमला कर फरार हो गए।
फॉरेंसिक विशेषज्ञों और अपराध जांच टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया तथा पुलिस ने संदिग्धों की पहचान करने के लिए आसपास की सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया।
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर 24 वर्षीय ग्राफिक डिजाइनर आशीष और 17 वर्षीय एक नाबालिग को पकड़ लिया। इसने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
मृतक के पिता शिवकुमार ने बताया कि उनका बेटा रात करीब 10 बजे फोन पर बात करने के बाद तीन दोस्तों के साथ घर से निकला था। उन्होंने कहा, “हमें नहीं पता कि वहां क्या हुआ। हम अपने बेटे की हत्या करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहते हैं।
अन्य न्यूज़












