Mumbai के ओशिवरा इलाके में शॉपिंग मॉल में भीषण आग लगी, 14 लोगों को बचाया गया

अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के दौरान गोरेगांव अग्निशमन केंद्र के तीन दमकलकर्मियों, संदीप मारुति पाटिल, राजू उत्तम शिंगणकर और योगेश कोंडावर को दम घुटने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुंबई के ओशिवरा उपनगरीय इलाके में स्थित हीरा पन्ना मॉल में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। घटना के बाद 14 लोगों को बचा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ओशिवरा पुलिस थाने के निकट स्थित मॉल में अपराह्न तीन बजकर करीब 10 मिनट पर आग लग गई।
अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल के 25 वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि शाम 7:40 बजे आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि चार मंजिला इमारत से एक महिला सहित कम से कम 14 लोगों को सुरक्षित बचाया गया, जबकि तीन दमकलकर्मियों को धुएं के कारण दम घुटने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना में चार लोग दम घुटने से अस्वस्थ हो गए। दो लोग कोकिलाबेन अस्पताल में हैं जबकि दो को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के दौरान गोरेगांव अग्निशमन केंद्र के तीन दमकलकर्मियों, संदीप मारुति पाटिल, राजू उत्तम शिंगणकर और योगेश कोंडावर को दम घुटने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में इसे स्तर-2 की आग घोषित किया गया था, लेकिन अपराह्न लगभग तीन बजकर 40 मिनट पर इसे स्तर-3 की आग की घटना बताया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आग की लपटें दूसरी और तीसरी मंजिल पर लगभग एक दर्जन दुकानों तक फैल गई। इमारत से निकलता धुआं दूर से दिखाई दे रहा था। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हालांकि ऐसा संदेह है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
अन्य न्यूज़












