E20 Fuel विवाद: AAP का बड़ा ऐलान, 8 August से देशभर में शुरू होगा Nationwide Campaign

AAP
प्रतिरूप फोटो
AI Image

आम आदमी पार्टी ने इथेनॉल मिश्रित E20 Fuel के खिलाफ 8 अगस्त से पश्चिम बंगाल, गुजरात और हरियाणा सहित कई राज्यों में राष्ट्रव्यापी Town Hall अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी का उद्देश्य वाहन चालकों से सीधा संवाद कर इथेनॉल ब्लेंडिंग से वाहनों के प्रदर्शन पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभावों पर जनसमर्थन जुटाना है। AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर इस नीति को आम जनता पर जबरन थोपने का आरोप लगाया है।

आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह ई20 ईंधन के खिलाफ आठ अगस्त से देशभर में टाउन हॉल (संवाद कार्यक्रम) की श्रृंखला शुरू करेगी। पार्टी का उद्देश्य वाहन मालिकों से बातचीत करना और इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से जुड़ी समस्याओं पर लोगों की राय जानना है। 

आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने इससे पहले दिल्ली में इस मुद्दे पर एक टाउन हॉल आयोजित किया था, जिसमें देशभर से करीब सात लाख लोगों ने ऑनलाइन भाग लिया था। उन्होंने कहा कि अब पार्टी इस अभियान को विभिन्न राज्यों में ले जाएगी और सार्वजनिक बैठकों के माध्यम से ई20 ईंधन (80 प्रतिशत पेट्रोल के साथ 20 प्रतिशत फसल-आधारित इथेनॉल) को लेकर लोगों की चिंताओं को समझने तथा इस मुद्दे पर जागरूकता फैलाने का काम करेगी। सिंह ने कहा कि आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज राष्ट्रव्यापी अभियान का समन्वय करेंगे।

 पार्टी के अनुसार, यह अभियान आठ अगस्त को पश्चिम बंगाल में शुरू होगा, जिसके बाद नौ अगस्त को गुजरात और हरियाणा, 11 अगस्त को तेलंगाना और 17 अगस्त को छत्तीसगढ़ में कार्यक्रम होंगे। सिंह ने कहा कि इन सार्वजनिक बैठकों के दौरान पार्टी लोगों से ई20 ईंधन के खिलाफ उसके विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील भी करेगी। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने ई20 ईंधन कार्यक्रम का विरोध करते हुए आरोप लगाया है कि इसे लोगों पर थोपा जा रहा है और इससे वाहनों के प्रदर्शन पर असर पड़ता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़