Maharashtra के किसानों को 50000 रुपये प्रति हेक्टेयर मदद दे सरकार: Abhijeet Deepke

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने छत्रपति संभाजीनगर में आरोप लगाया कि राज्य सरकार किसानों की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने फसल बीमा का बकाया भुगतान तुरंत करने और कृषि ऋण माफी प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की। दीपके ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने रविवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। दीपके ने राज्य सरकार से किसानों को प्रति हेक्टेयर 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने, फसल बीमा का लंबित भुगतान तत्काल जारी करने और कृषि ऋण माफी की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार किसानों की चिंताओं का समाधान नहीं करती है, तो आंदोलन किया जाएगा।
हिंगोली जिले में कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले एक किसान के परिजन से मुलाकात के बाद दीपके ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान किसानों के सामने आ रही कठिनाइयों पर चिंता जताई और सरकार से तुरंत कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा, “मैं विदर्भ और मराठवाड़ा का दौरा कर रहा हूं और उन किसानों के परिवारों से मिल रहा हूं, जिन्होंने आत्महत्या कर ली है। यहां तक कि अधिकारी भी इन मामलों से अनजान लगते हैं।
सरकार भी किसानों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है। कुछ दिन पहले आत्महत्या करने वाले एक किसान के परिवार से जुड़े एक किशोर को पढ़ाई छोड़नी पड़ी है और परिवार का भरण-पोषण करने के लिए काम करना पड़ रहा है।” दीपके ने आरोप लगाया कि किसानों को केवल चुनावों के दौरान याद किया जाता है और राजनीतिक दल सत्ता में आने के बाद उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार एक अध्यादेश या आदेश जारी करे, जिसमें निजी वित्त कंपनियों को निर्देश दिया जाए कि वे ऋण वसूली को लेकर किसानों को परेशान न करें।
अन्य न्यूज़













