TMC नेता Abhishek Banerjee ने Om Birla को लिखा पत्र, कल्याण बनर्जी का निलंबन रद्द करने की मांग

TMC नेता Abhishek Banerjee ने Om Birla को लिखा पत्र, कल्याण बनर्जी का निलंबन रद्द करने की मांग
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा नेता अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी का निलंबन वापस लेने की मांग की है। उन्होंने नियम 374(2) का उल्लेख करते हुए कहा कि निलंबन जारी रहने से पार्टी के मुख्य सचेतक आगामी विशेष बैठक में भाग नहीं ले सकेंगे। कल्याण बनर्जी को मानसून सत्र के दौरान कथित आपत्तिजनक भाषा के कारण निलंबित किया गया था।

लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी का निलंबन समाप्त करने का अनुरोध किया। संसद की विशेष बैठक 30 नवंबर को होगी। अभिषेक बनर्जी ने पत्र में कहा कि निलंबन जारी रहने से कल्याण बनर्जी सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले पाएंगे और निर्वाचित सदस्य के साथ-साथ लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर सकेंगे।

उन्होंने लोकसभा की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन संबंधी नियमावली के नियम 374(2) का भी हवाला दिया। इस नियम के तहत सदन में प्रस्ताव लाकर किसी सदस्य का निलंबन समाप्त किया जा सकता है। अभिषेक बनर्जी ने पत्र में लिखा, “सदन की आगामी बैठकों को देखते हुए मेरा आपसे अनुरोध है कि कल्याण बनर्जी का निलंबन समाप्त करने संबंधी प्रस्ताव पर जल्द विचार कराने की कृपा करें, ताकि वह अपनी संसदीय जिम्मेदारियां फिर से निभा सकें और सदन की कार्यवाही में हिस्सा ले सकें।” कल्याण बनर्जी को 22 जुलाई को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए लोकसभा से निलंबित कर दिया गया था।

यह कार्रवाई नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के सदस्यों की शिकायत के बाद की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि कल्याण बनर्जी ने महिला सदस्यों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़