हास्य अभिनेता Johnny Walker की 100वीं जयंती, सादगी और शालीन अभिनय से बनाई खास पहचान

मशहूर हास्य अभिनेता बदरुद्दीन जमालुद्दीन काजी उर्फ जॉनी वॉकर यदि जीवित होते तो बुधवार को 100 वर्ष के हो जाते। बस कंडक्टर से अभिनय की शुरुआत करने वाले इस कलाकार ने बिना फूहड़ता और दोहरे अर्थ वाले संवादों के करीब 300 फिल्मों में दर्शकों का दिल जीता। गुरु दत्त की खोज रहे इस दिग्गज ने प्यासा, नया दौर और आनंद जैसी यादगार फिल्मों में अमिट छाप छोड़ी।
धुंध भरी शाम में एक व्यक्ति हाथों में तेल की बोतलें लिए अंधेरे से बाहर आता है। वह सिर की मालिश से हर मर्ज का इलाज करने का दावा करते हुए गाता है, तेल मालिश, चंपी, तेल मालिश...। यह अभिनेता जॉनी वॉकर थे, उनकी आवाज के पीछे मोहम्मद रफी थे और इस दृश्य के निर्देशक गुरु दत्त थे।
फिल्म प्यासा को रिलीज हुए करीब 70 साल हो चुके हैं। भारतीय सिनेमा में जादू बिखेरने वाली इस क्लासिक फिल्म में छोटी-सी भूमिका में जॉनी वॉकर ने भी अपनी छाप छोड़ी थी। उनके मिलनसार और संवेदनशील अब्दुल सत्तार के किरदार का सहज हास्य और अपनापन दशकों बाद भी दर्शकों के दिलों में कायम है।
बदरुद्दीन जमालुद्दीन काजी के रूप में जन्मे जॉनी वॉकर आज जीवित होते तो बुधवार को 100 साल के हो जाते। अपनी जीवंत अदाकारी से उन्होंने हास्य अभिनय को नयी पहचान दी और उसे एक नयी गरिमा प्रदान की। कुछ उसी तरह, जैसे प्यासा में उनके किरदार की पहली झलक दर्शकों को मिलती है।
अदाकारी की अपनी खास शैली, सिर को एक खास अंदाज में झुकाने और विशिष्ट आवाज के लिए पहचाने जाने वाले जॉनी वॉकर ने कभी अतिरंजित अभिनय या तरह-तरह के किरदार निभाने की कोशिश नहीं की। लेकिन किसी फिल्म में उनकी मौजूदगी ही उसे सहज और पारिवारिक मनोरंजन का भरोसा देती थी। उनके हास्य में न तो दोहरे अर्थ वाले संवाद होते थे और न ही ऐसे दूसरे तरीके, जो बाद में कई हास्य कलाकारों की पहचान बन गए।
महमूद, जॉनी लीवर और राजपाल यादव जैसे बाद के हास्य कलाकारों ने हिंदी सिनेमा में हास्य को सम्मानजनक स्थान दिलाने के लिए जॉनी वॉकर से प्रेरणा ली। बस कंडक्टर के रूप में अपना करियर शुरू करने और सब्जियां बेचने तक का काम करने वाले जॉनी वॉकर का व्यक्तित्व कई दिलचस्प विरोधाभासों से भरा था। वह वास्तविक जीवन में शराब को हाथ तक नहीं लगाते थे, लेकिन पर्दे पर शराबी का उनका अभिनय इतना विश्वसनीय होता था कि गुरु दत्त ने उनका नाम एक लोकप्रिय व्हिस्की ब्रांड के नाम पर रख दिया।
गुरु दत्त उनके मार्गदर्शक थे और उन्होंने अपनी लगभग सभी फिल्मों में जॉनी वॉकर के लिए अभिनय तथा एक गाने की गुंजाइश रखी। जॉनी वॉकर ने असल जिंदगी में कभी शराब नहीं पी और न ही धूम्रपान किया। वह अपनी स्कूली शिक्षा भी पूरी नहीं कर पाए थे, लेकिन उन्होंने सुनिश्चित किया कि उनके छह बच्चे- तीन बेटे और तीन बेटियां- अमेरिका में पढ़ाई करें।
गुरु दत्त की कई फिल्मों में पेंसिल जैसी पतली मूंछों वाले जॉनी वॉकर हास्य का पुट देने के साथ-साथ एक तरह से नैतिक चेतना की आवाज भी बनते थे। युवावस्था में गरीबी और जीवन के तमाम अनुभवों ने उन्हें आम आदमी के किरदारों को जीवंत बनाने में मदद की। बुनकर के 12 बच्चों में से एक बदरुद्दीन आखिर जॉनी वॉकर कैसे बने?
उनके पिता रोजगार की तलाश में इंदौर से मुंबई आ गए थे। इस कहानी का सबसे अधिक प्रचलित संस्करण अभिनेता और लेखक बलराज साहनी से जुड़ा है। साहनी ने 1951 में आई फिल्म बाजी की पटकथा लिखी थी, जिससे गुरु दत्त ने बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत की थी।
इसी दौरान साहनी की मुलाकात मुंबई की बेस्ट बसों में काम करने वाले एक कंडक्टर से हुई। उस व्यक्ति की हरकतों और अभिनय के अंदाज ने उन्हें बेहद प्रभावित किया। साहनी ने बदरुद्दीन को फिल्म के सेट पर जाकर गुरु दत्त और मुख्य अभिनेता देव आनंद के सामने शराबी का अभिनय करने की सलाह दी।
बदरुद्दीन ने ऐसा ही किया। उनका अभिनय देखकर प्रभावित हुए गुरु दत्त ने फिल्म में उनके लिए एक किरदार लिख दिया। यह हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार दोस्तियों में से एक की शुरुआत थी।
गुरु दत्त और जॉनी वॉकर ने साहब बीबी और गुलाम को छोड़कर लगभग सभी फिल्मों में साथ काम किया। परफेक्शनिस्ट के रूप में मशहूर गुरु दत्त ने जॉनी वॉकर को अपने अंदाज में संवाद और अभिनय करने की पूरी छूट दी। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि जॉनी वॉकर के लिए मोहम्मद रफी ही गाने गाएं।
कहा जाता है कि मोहम्मद रफी के गाए गानों में जॉनी वॉकर के लिए गाए गए गानों की संख्या तीसरे स्थान पर है। उनसे अधिक गाने केवल शम्मी कपूर और राजेंद्र कुमार के लिए गाए गए थे। दोनों की जोड़ी ने सीआईडी का ये है बॉम्बे मेरी जान , बहारें फिर भी आएंगी का सुनो सुनो मिस चटर्जी , मिस्टर एंड मिसेज 55 का जाने कहां मेरा जिगर गया जी और दूर की आवाज का हम भी अगर बच्चे होते जैसे यादगार गाने दिए।
दिलीप कुमार अभिनीत फिल्म नया दौर में हमेशा शालीन रहने वाले और टोपी पहनने के शौकीन जॉनी वॉकर ने मुंबई से आए एक अखबार के संवाददाता की भूमिका निभाई थी। वह गांव वालों को मशहूर बनाने का वादा करते हैं। जब उनसे अपना परिचय देने को कहा जाता है तो वह गाने लगते हैं, मैं बम्बई का बाबू, नाम मेरा अनजाना... इंग्लिश धुन में गाऊं मैं हिंदुस्तानी गाना।
उनके हास्य अभिनय और गानों की लोकप्रियता ऐसी थी कि निर्माता लगभग हर फिल्म में उन पर एक गाना फिल्माने का इंतजाम करते थे। सिनेमा में बहुत कम हास्य कलाकारों को यह विशेष अवसर मिला। जॉनी वॉकर की पहचान सिर्फ गानों तक सीमित नहीं थी।
1971 की हिट फिल्म आनंद में उन्होंने इस्साभाई सूरतवाला का किरदार निभाया था, जो थिएटर का एक कलाकार है और संयोगवश राजेश खन्ना के किरदार से उसकी दोस्ती हो जाती है। भूमिका छोटी थी, लेकिन दर्शकों के जेहन में रह गई। जॉनी वॉकर की वास्तविक जिंदगी की प्रेम कहानी भी उनकी कुछ फिल्मों की कहानी जितनी ही दिलचस्प थी।
गुरु दत्त की फिल्म आर-पार में काम करने के दौरान उन्हें अभिनेत्री शकीला की बहन नूरजहां से प्यार हो गया। नूरजहां के परिवार के विरोध के बावजूद दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली। फिल्मों में वह चाहे शराबी का किरदार निभाएं या आम आदमी का, जॉनी वॉकर हमेशा शालीनता, सौम्यता और सहजता के प्रतीक बने रहे।
उनका पर्दे पर दिखने वाला व्यक्तित्व वास्तविक जीवन के उनके स्वभाव का ही विस्तार था। समय के साथ सिनेमा बदला और हास्य अभिनय का अंदाज भी बदलने लगा। श्वेत-श्याम फिल्मों की जगह रंगीन फिल्मों ने ले ली।
शालीन हास्य की जगह ऊंची आवाज और भद्देपन वाले हास्य ने लेनी शुरू कर दी। ऐसे में जॉनी वॉकर के लिए भूमिकाएं कम होती गईं और उन्होंने करीब 300 फिल्मों में काम करने के बाद अभिनय से दूरी बना ली। उनके करियर का स्वर्णिम दौर 1950 और 1960 के दशक में रहा।
1970 के दशक में भी वह लोकप्रिय थे। लेकिन 1980 के दशक के सिनेमा में एक अलग तरह के हास्य की मांग होने लगी। जॉनी वॉकर दोहरे अर्थ वाले संवादों और फूहड़ हास्य वाले दृश्यों का हिस्सा बनने को तैयार नहीं थे।
उन्होंने 1997 में कमल हासन की फिल्म चाची 420 में आखिरी बार पर्दे पर अभिनय किया। इस फिल्म में उन्होंने एक नशे में धुत मेकअप आर्टिस्ट की भूमिका निभाई थी। जॉनी वॉकर का 2003 में 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
अन्य न्यूज़














