हिंदू महिला की हत्या के बाद आरोपियों ने कब्रिस्तान में दफनाया, ऐसे हुआ खुलासा

deadbody
प्रतिरूप फोटो
Creative Commons licenses
रितिका कमठान । Jan 12 2023 3:21PM

दिल्ली में एक हिंदू महिला को पैसों के लेन देन के मामले में हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला की हत्या कर उसे कब्रिस्तान में दफना दिया। हत्या का खुलासा महिला के परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस की छानबीन में हुआ है।

दिल्ली में एक 54 वर्षीय हिंदू महिला की हत्या कर कब्रिस्तान में दफनाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद महिला की लाश को 11 जनवरी को कब्रिस्तान से बाहर निकाला। आरोपियों ने पैसों के लेन देन के कारण महिला की हत्या कर दी थी।

जानकारी के मुताबिक 54 साल की महिला फाइनेंसर मीना की कथित रूप से हत्या कर आरोपियों ने महिला के शव को बाहरी दिल्ली के नांगलोई में एक कब्रिस्तान में दफनाया था। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक व्यक्ति कब्रिस्तान का केयर टेकर भी है। इसने कुछ पैसे लेकर महिला को दफन करवाया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महिला आरोपियों को दिये गये उधार पैसे को वापस मांग रही थी, इसलिए उन्होंने उसकी हत्या कर दी।

परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

मंगोलपुरी के अवंतिका एन्क्लेव में रहने वाली महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दो जनवरी को मंगोलपुरी थाने में दर्ज कराई गयी। पुलिस के अनुसार वह शहर के पश्चिमी हिस्से में फेरी वालों को छोटे-मोटे कर्ज देती थी और कुछ पैसा उसने आरोपियों को भी उधार दिया था। गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद जब पुलिस ने महिला की खोजबीन शुरू की तो उसका मोबाइल फोन बंद था। पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने सात जनवरी को भारतीय दंड संहिता की धारा 365 (अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

उन्हें पता चला कि महिला को आखिरी बार जो फोन आये थे, वे उसी के इलाके में रहने वाले दो लोगों ने किये थे। पुलिस ने इस आधार पर मुबीन नामक व्यक्ति को पकड़ा। पुलिस ने उसकी सूचना पर एक और संदिग्ध नवीन को भी हिरासत में लिया जिसने विस्तार से हत्या में अपनी संलिप्तता के बारे में पुलिस को बताया। पुलिस के अनुसार नवीन ने बताया कि वह और मुबीन पिछले चार-पांच साल से महिला को जानते थे और उसकी हत्या बाहरी दिल्ली के मांगेराम पार्क में मुबीन के कमरे में दो जनवरी को दिन में तीसरे शख्स रेहान ने की थी।

 डीसीपी ने बताया कि तीनों रात में उसके शव को नांगलोई कब्रिस्तान ले गये और वहां की रखवाली करने वाले व्यक्ति की मिलीभगत से उसे दफना दिया। पुलिस ने इकबालिया बयान के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त कर लिया। सिंह के अनुसार पुलिस ने कब्रिस्तान से महिला के शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस के मुताबिक मुबीन ऑटो चलाता है, वहीं नवीन दर्जी है और रेहान बाल काटने का काम करता है। पुलिस ने मामले में चौथे आरोपी और कब्रिस्तान की देखरेख करने वाले सय्याद अली की भी पहचान कर ली है जिसने कथित रूप से पैसे लेकर शव दफनाने दिया।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़