Haryana के Karnal में पदयात्रा और जनसभा करेंगे Amit Shah

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भाजपा के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत गृह मंत्री बृहस्पतिवार को करनाल में सेक्टर-12 से दयानंद चौक तक पदयात्रा की अगुवाई करेंगे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव जयपुर में पदयात्रा का नेतृत्व संभालेंगे। पार्टी विपक्षी दलों के साथ जारी राजनीतिक टकराव के बीच जनसंपर्क तेज कर रही है।

नयी दिल्ली, पांच नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को हरियाणा के करनाल में पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के अनुसार, शाह सेक्टर-12 से दयानंद चौक तक पदयात्रा की अगुवाई करेंगे, जहां वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजकर 40 मिनट पर शुरू होना निर्धारित है।

उत्तप्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों के सिलसिले में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन गोरखपुर में रणनीति बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। वह बाबा गोरखनाथ मंदिर के दर्शन भी करेंगे। पार्टी के संपर्क अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव जयपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।

पुणे में, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं महाराष्ट्र प्रभारी बैजयंत जय पांडा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विषय पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।यह अभियान ऐसे समय में आयोजित किए जा रहे हैं जब कथित चुनावी अनियमितताओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज को लेकर भाजपा तथा विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक टकराव जारी है। इससे पहले एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक जनसभा के दौरान इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन ने ‘‘वोट चोरी’’ के आरोपों को लेकर भाजपा को सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया था। इस रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर ‘‘देशद्रोह’’ का मामला चलाकर उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़