BJP पदाधिकारियों को अमित शाह ने दिया 2019 चुनाव के लिए जीत का मंत्र

Amit Shah gave BJP office bearers a win for the 2019 elections
[email protected] । May 14 2018 8:23PM

पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्षों एवं प्रदेश प्रभारियों की बैठक में अमित शाह ने जोर दिया कि पार्टी 2019 का लोकसभा चुनाव 2014 से बड़े जनादेश से जीतेगी।

नयी दिल्ली। मोदी सरकार के चार साल इसी महीने पूरे होने जा रहे हैं और ऐसे में भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने गांव, गरीब, पिछड़ों, दलितों तक सरकार की कल्याण योजनाएं पहुंचाने और बूथ स्तर पर पार्टी को और मजबूत बनाने पर जोर दिया ताकि 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की जा सके। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्षों एवं प्रदेश प्रभारियों की बैठक में अमित शाह ने जोर दिया कि पार्टी 2019 का लोकसभा चुनाव 2014 से बड़े जनादेश से जीतेगी। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को '48 साल बनाम 48 महीने' के कामकाज को जनता के समक्ष रखने को कहा गया। 

बैठक के बाद भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन और सुधांशु त्रिवेदी ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘बैठक में हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि हमारे 11 करोड़ सदस्य, 330 सांसद, बड़ी संख्या में विधायक हैं। आज हमारी स्थिति बनी है कि ‘‘भाजपा बनाम अन्य सभी’’ करने का प्रयास किया जाता है। चार वर्ष में हमारी सरकार की उपलब्धि यह है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अच्छी सरकार दी और जनता के कल्याण के लिये अच्छे फैसले लिये ’’ 

शाह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीब है और गरीबों को ध्यान में रखकर ही योजनाएं बनाई जाती है। 2019 का लोकसभा चुनाव हम जीतेंगे और बड़े जनादेश से जीतेंगे। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि 2019 का चुनाव तो हम जीतेंगे लेकिन हमारा लक्ष्य तब तक पूरा नहीं होगा जब तक हम ओडिशा, केरल, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, आंध्रप्रदेश में जीत दर्ज नहीं करते। बैठक के दौरान भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि 2019 का लोकसभा चुनाव जीत कर पार्टी को इस बारे में विपक्षी की आलोचनाओं का जवाब देना है। 

शाह ने इसके लिये पार्टी पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर पार्टी को और मजबूत बनाने का मंत्र दिया। बैठक के दौरान तीन सत्रों में पार्टी पदाधिकारियों एवं प्रदेश के पदाधिकारियों के बीच विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। प्रदेश पदाधिकारियों से भाजपा की हर राज्य एवं जिला में पार्टी का कार्यालय स्थापित करने की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। हुसैन ने कहा कि इस दौरान ‘नमो एप’ के बारे में भी चर्चा हुई जो सहज संवाद का माध्यम बन गया है। पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों ने रात्रि प्रवास कार्यक्रम की भी समीक्षा की। इस पहल के तहत 20 हजार गांव का चयन किया गया था और जहां मंत्रियों, पदाधिकारियों को जाना था। इन इलाकों से ‘फीडबैक’ भी लिये गए। 

केंद्र में भाजपा नीत सरकार के चार वर्ष पूरे हो रहे हैं, ऐसे में पार्टी पदाधिकारियों से सुझाव भी मांगे गए। भाजपा अध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी 2014 से लगातार चुनाव जीत रही है लेकिन आत्मगौरव और आत्मसंतुष्टि का भाव नहीं आना चाहिए। भाजपा ने जोर दिया कि 2019 के लोकसभा चुनाव की आज से तैयारी शुरू कर दी गई है और इस कार्य में राष्ट्रीय अध्यक्ष से बूथ अध्यक्ष तक लग जायेंगे। बैठक में 17 मई को पार्टी के सभी सात मोर्चों की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सम्मेलन के बारे में भी चर्चा की गई । इसमें जून में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस और 26 मई को केंद्र में भाजपा सरकार के चार वर्ष पूरा होने के बारे में भी चर्चा हुई।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़