अरुणाचल प्रदेश: ईटानगर में चोरी के 11 दोपहिया वाहन बरामद, दो नाबालिगों समेत छह लोग गिरफ्तार

Prabhasakshi Image

अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में पुलिस ने अभियान चलाकर चोरी के 11 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इस मामले में दो नाबालिगों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वाहन मालिकों से अपने वैध दस्तावेज दिखाकर बरामद वाहनों की पहचान करने की अपील की है।

ईटानगर, 28 जुलाई अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में चोरी के 11 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं और इस मामले में दो नाबालिगों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। ईटानगर कैपिटल रीजन नाहरलागुन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नीलम नेगा ने सोमवार को बताया कि चोरी के एक मामले की जांच के बाद यह अभियान पास के निर्जुली इलाके में चलाया गया।

पुलिस के एक बयान के अनुसार, उप-निरीक्षक टोपी जोसम और उप-निरीक्षक गोपाल टोक के नेतृत्व में गठित दो विशेष जांच टीमों ने आरोपियों का पता लगाने और वाहनों की बरामदगी के लिए समन्वित तरीके से क्षेत्रीय अभियान, तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाने का काम किया। बयान में कहा गया कि पूरे अभियान की निगरानी सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषि लोंगडो और निर्जुली पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक ताडू हसांग ने की। एसपी ने आम लोगों से सतर्क रहने और अपने वाहनों को पार्क करते समय, खासकर रात के समय, जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

उन्होंने यह भी सलाह दी कि जिन वाहन मालिकों के दोपहिया वाहन पिछले कुछ महीनों में चोरी या लापता होने की सूचना दी गई थी, वे वैध दस्तावेजों के साथ एसडीपीओ नाहरलागुन या निर्जुली पुलिस थाने से संपर्क करें, ताकि बरामद वाहनों की जांच कर उनकी पहचान की जा सके। एसपी ने बताया कि इस गिरोह की अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता का पता लगाने और चोरी की गई अतिरिक्त संपत्ति बरामद करने के लिए जांच जारी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़