Azam Khan बोले- सपा का घोषणापत्र समावेशी भारत का खाका, लोगों को देगा न्याय का भरोसा

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के चुनावी दस्तावेज के विमोचन पर पहुंचे वरिष्ठ नेता आजम खान ने इसे देश के बेहतर भविष्य का दृष्टिकोण करार दिया। उन्होंने राजनीतिक विरोधियों पर लोकतंत्र और कमजोर वर्गों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। साथ ही पांच साल से अधिक जेल में बिताने के दौरान परिवार द्वारा झेली गई मुश्किलों का भी जिक्र किया।
समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए तैयार पार्टी के घोषणापत्र को बृहस्पतिवार को अधिक समावेशी और लोकतांत्रिक भारत के निर्माण का खाका बताया। उन्होंने कहा कि यह घोषणापत्र लोगों के जख्मों पर मरहम लगाने के साथ-साथ भविष्य में किसी के साथ अन्याय और अत्याचार नहीं होने देने का भरोसा भी देगा। सत्ताईस का संकल्प, पीडीए का प्रणपत्र, जन-मन का घोषणापत्र कार्यक्रम में पार्टी के घोषणापत्र के विमोचन से पहले खान ने बिना किसी दल का नाम लिए कुछ राजनीतिक शक्तियों पर कमजोर वर्गों को निशाना बनाने, लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने और विरोधियों को सत्ता में आने से रोकने की राजनीति करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक ताकतों का मकसद खुद कुछ हासिल करना या किसी को कुछ दिलाना नहीं, बल्कि दूसरों की संभावनाओं को बिगाड़ना रह गया है। खान ने कहा, वे खुद तो कुछ बन नहीं सकते, न बनवा सकते हैं, लेकिन किसी का खेल बिगाड़ दें। यह बहुत छोटा, घटिया, अफसोसनाक और शर्मनाक मंसूबा है।
उन्होंने रामपुर के एक नगरपालिका चुनाव का उदाहरण देते हुए बताया कि एक हारा हुआ उम्मीदवार अपने प्रतिद्वंद्वी के विरोधी की जीत पर खुशियां मना रहा था। खान के मुताबिक, उसकी खुशी का कारण केवल यह था कि जिस व्यक्ति को वह हराना चाहता था, वह हार गया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों ने दूसरों को असफल होते देखने को ही अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया है।
खान ने कहा कि जिन्होंने भारतीय राजनीति, लोकतंत्र और कमजोर लोगों को नुकसान पहुंचाया है, वे जनता और ईश्वर दोनों के सामने दोषी हैं। उन्होंने सपा के घोषणापत्र को केवल चुनावी वादों या निश्चित प्रतिबद्धताओं का दस्तावेज मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यह देश के भविष्य का एक दृष्टिकोण है, जिसे जरूरत के मुताबिक आगे बढ़ाया जा सकता है।
खान ने कहा, यह महज घोषणापत्र नहीं है। यह कोई आसमानी किताब भी नहीं है कि जितना लिख दिया और जितना कह दिया है, उतना ही होगा। जब जरूरत होगी तो जो नहीं लिखा है, वह भी होगा।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि घोषणापत्र ऐसी शमा बने, जिसकी रोशनी हर दिल का अंधेरा दूर कर सके। उन्होंने कहा कि लोग बहुत मायूस और डरे हुए हैं तथा उन्हें उम्मीद और भरोसे की जरूरत है। सपा नेता ने अपने पांच साल से अधिक के कारावास के अनुभव साझा करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें, उनकी पत्नी और बेटे अब्दुल्ला आजम को नफरत, अपमान व कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि परिवार से अलग होने और भविष्य को लेकर अनिश्चितता ने गहरे भावनात्मक जख्म दिए। खान ने आरोप लगाया कि उनके परिवार को जरूरत से ज्यादा सजा दी गई और राजनीतिक बंदियों के परिवारों के साथ ऐसा व्यवहार पहले नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कई बार उन्हें यह भी पता नहीं था कि अधिकारियों द्वारा अलग-अलग ले जाए जाने के बाद वह और उनका बेटा फिर मिल पाएंगे या नहीं।
उन्होंने याद किया कि एक समय उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से छह महीने जेल में बिताने की इच्छा जताई थी, ताकि वह बंदियों की परिस्थितियों और उनके मानसिक आघात को समझ सकें। खान ने कहा कि घोषणापत्र ऐसा आश्वासन भी बने कि भविष्य में किसी के दिल या शरीर को चोट पहुंचाने वाला कोई हाथ न उठ सके। उन्होंने कहा, हम सब मिलकर एक ऐसा मरहम तैयार करने में कामयाब होंगे, जो न सिर्फ जख्मों का इलाज करेगा, बल्कि इस बात की जमानत देगा कि आगे कोई किसी के दिल या शरीर को जख्मी नहीं कर सकेगा।
घोषणापत्र विमोचन कार्यक्रम में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
अन्य न्यूज़














