बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी, प्रशांत किशोर समेत 26 उम्मीदवार मैदान में

Prabhasakshi Image

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। इस चुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर समेत 26 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान के बीच प्रशांत किशोर ने पुलिस द्वारा अपने समर्थकों को हिरासत में लेने का आरोप लगाया है।

पटना, 30 जुलाई बिहार में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस चुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर समेत 26 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने के लिए करीब 3.80 लाख मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं।

किशोर इस चुनाव के जरिये चुनावी राजनीति में पदार्पण कर रहे हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा। मतगणना तीन अगस्त को होगी।

कुछ साल पहले जन सुराज पार्टी की स्थापना करने वाले पूर्व चुनावी रणनीतिकार किशोर के मैदान में उतरने से इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। यह निर्वाचन क्षेत्र लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का गढ़ रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद यह सीट खाली कर दी थी।

नवीन ने पिछले साल नवंबर में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रेखा गुप्ता को 50,000 से अधिक मतों से हराकर लगातार पांचवीं बार यह विधानसभा सीट जीती थी। भाजपा ने अपनी युवा इकाई के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा 1995 से यह सीट हारी नहीं है।

उस समय इस निर्वाचन क्षेत्र को पटना पश्चिम के नाम से जाना जाता था। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, निर्वाचन क्षेत्र के सभी 422 मतदान केंद्र शहरी इलाकों में स्थित हैं। किशोर ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि बिहार पुलिस ने सत्तारूढ़ भाजपा के इशारे पर उनके कई समर्थकों को हिरासत में लिया है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा को बांकीपुर उपचुनाव में हार का डर है। किशोर ने राजधानी पटना के जक्कनपुर थाने के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं पिछले कुछ घंटों से यहां डेरा डाले हुए हूं और पुलिस यह नहीं बता पा रही कि हिरासत में लिए गए मेरे 16 से अधिक समर्थक कहां हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं इसे गिरफ्तारी नहीं कह रहा हूं क्योंकि इसका कोई रिकॉर्ड नहीं है कि मेरे किस व्यक्ति को किस मामले में नामजद किया गया है। मुझे पता चला था कि उन्हें जक्कनपुर थाने में रखा गया है इसलिए मैं यहां आया लेकिन यहां मुझे बताया गया कि उन सभी को अलग-अलग थानों में ले जाया गया है।

यहां के थाना प्रभारी का तो यह भी दावा है कि इन लोगों को हिरासत में लेने में इस थाने की कोई भूमिका नहीं थी और ऐसा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर किया गया।’’ हालांकि, किशोर के आरोपों पर पुलिस ने अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक ने कहा, ‘‘स्पष्ट है कि इन लोगों को हिरासत में लिए जाने के पीछे सत्तारूढ़ भाजपा का हाथ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा जानती है कि वह उपचुनाव हारने वाली है। पुलिस किसी व्यक्ति को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए बिना 24 घंटे तक हिरासत में रख सकती है।

इसलिए मेरे कुछ समर्थकों को मतदान समाप्त होने तक हिरासत में रखने की योजना बनाई गई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़