देश मुझ पर भरोसा करता है तभी लोगों की अपेक्षाएं ज्यादा हैंः मोदी

Bharat ki baat sabke saath: PM Modi live from London

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज लंदन में ‘‘भारत की बात, सबके साथ’’ शीर्षक से एक परिचर्चा सत्र को संबोधित किया। प्रधानमंत्री लंदन के ऐतिहासिक वेस्टमिंस्टर में आयोजित परिचर्चा सत्र को संबोधित कर रहे थे।

लंदन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज लंदन में ‘‘भारत की बात, सबके साथ’’ शीर्षक से एक परिचर्चा सत्र को संबोधित किया। प्रधानमंत्री लंदन के ऐतिहासिक वेस्टमिंस्टर में आयोजित परिचर्चा सत्र को संबोधित कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने नमस्ते से अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि आज मैं रॉयल पैलेस आया हूँ तो यह सब देश की सवा सौ करोड़ जनता की वजह से है क्योंकि पहले एक ही परिवार का शासन था लेकिन अब जनता ने एक चाय वाले के बेटे को यहाँ अपना प्रतिनिधि बनाकर भेजा है।

उन्होंने कहा कि संतोष के भाव से विकास नहीं होता इससे जीवन रुक जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए अपने को खपाना पड़ता है और यही काम हम पूरी तरह से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देशवासियों के मन में उत्साह जगा है तभी लोग हमसे ज्यादा अपेक्षा कर रहे हैं जबकि कुछ समय पहले देश में निराशा का माहौल हुआ करता था। उस माहौल से हमने देश को निकाला है।

उन्होंने कहा कि आज देश मुझ पर भरोसा करता है इसलिए मुझसे लोगों की अपेक्षाएं ज्यादा हैं। 'लोगों को लगता है कि मोदी के दिमाग में बात भर दो कभी ना कभी वह इस काम को जरूर करेगा।'

प्रसून जोशी ने जब पूछा कि क्या आप कभी सरकारी व्यवस्थाओं से खिन्न होते हैं तो प्रधानमंत्री ने कहा- मुझे पता नहीं था कि कवि के भीतर कोई पत्रकार बैठा है। उन्होंने कहा कि मैं मानता हूँ कि जिस दिन मेरी बेसब्री से खत्म हो जायेगी उस दिन मैं देश के काम का नहीं रहूंगा। जहां तक निराशा का सवाल है मैं समझता हूं कि जब खुद के लिए कुछ लेना पाना और बनना होता है तब वह आशा और निराशा से जुड़ जाता है लेकिन जब आप सर्वजन सुखाय सर्वजन हिताय का संकल्प लेकर चलते हैं तब यह भाव नहीं आता। उन्होंने कहा कि अगर कुछ काम नहीं होता है तब भी मैं निराश नहीं होता हूं तब मैं यह सोचता हूं कि इस काम को दूसरे तरीके से करूं। उन्होंने कहा कि आज हमारी सरकार तीन गुना रफ्तार से काम कर रही है। 

यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ लाइव संवाद का कार्यक्रम है।’’ लंदन में प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम ऐसे समय में रखा गया है जब लंदन में ही 16 से 20 अप्रैल तक द्विवार्षिक राष्ट्रमण्डल सरकार प्रमुखों (चोगम) का शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है। इस कार्यक्रम को संबोधित करने पहुँचे मोदी का भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़