IRCTC Scam में Lalu Prasad की याचिकाएं खारिज, BJP बोली- बेनकाब हुआ राजनीतिक साजिश का दावा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

आईआरसीटीसी घोटाले से जुड़े मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय ने लालू प्रसाद और उनके परिवार की याचिकाएं खारिज कर दी हैं। बिहार भाजपा ने अदालत के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि राजद प्रमुख का राजनीतिक साजिश का आरोप पूरी तरह बेनकाब हो गया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि रेल मंत्री रहते हुए लालू प्रसाद क्रोनी कैपिटलिज्म में लिप्त थे।

बिहार भाजपा ने आईआरसीटीसी घोटाले से जुड़े मामले में पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद और उनके परिवार की याचिकाओं को खारिज करने के दिल्ली उच्च न्यायालय के एक आदेश का बृहस्पतिवार को स्वागत किया। भाजपा ने दावा किया कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख का ‘राजनीतिक साजिश’ का आरोप बेनकाब हो गया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने एक बयान में प्रसाद पर केंद्र में रेल मंत्री रहते हुए ‘क्रोनी कैपिटलिज्म’ (पक्षपातपूर्ण पूंजीवाद) में लिप्त होने और बिहार में राजद के शासन के दौरान ‘जंगलराज’ को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया।

शर्मा ने कहा, ‘‘भाजपा कानून के शासन और भ्रष्टाचार के उन्मूलन के पक्ष में है। दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश से स्पष्ट हो गया है कि न्यायपालिका ने लालू प्रसाद के राजनीतिक साजिश के दावे को खारिज कर दिया है।’’ उल्लेखनीय है कि दिल्ली उच्च न्यायालय ने निचली अदालत के एक फैसले को बरकरार रखा है, जिसमें प्रसाद, उनकी पत्नी एवं बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव तथा आरोपपत्र में नामजद अन्य करीबी सहयोगियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया गया था। आरोपपत्र केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दाखिल किया था।

शर्मा ने कहा कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन-1 सरकार में रेल मंत्री रहे प्रसाद पर निचली अदालत ने ‘क्रोनी कैपिटलिज्म’ का आरोप लगाया है और सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘बिहार ने जंगलराज के कारण बहुत कुछ झेला है। अब समय आ गया है कि लालू परिवार को न्याय के कटघरे में लाया जाए।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़