UP MLC Election: बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर BJP प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लो 17676 वोटों से जीते

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के चुनाव में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक सीट पर भाजपा उम्मीदवार डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने सपा प्रत्याशी दानिश अख्तर को 17,676 मतों के बड़े अंतर से हरा दिया है। पांचवें और अंतिम चरण की मतगणना के बाद उन्हें कुल 21,672 वोट प्राप्त हुए। इस सीट पर भाजपा ने लगातार दूसरी बार विजय हासिल की है।

उत्तर प्रदेश की बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी दानिश अख्तर को 17,676 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की है। इस सीट पर भाजपा ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है। शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 विधान परिषद सीट के चुनाव में अब तक तीन सीट पर नतीजों की आधिकारिक घोषणा की गई है और तीनों ही सीट सत्तारूढ़ भाजपा के खाते में गई हैं।

निर्वाचन अधिकारी एवं बरेली मंडल के आयुक्त शंभू कुमार ने मंगलवार देर रात डॉ. ढिल्लो को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और भाजपा प्रत्याशी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 17,676 मतों से पराजित किया। कुमार ने बताया कि पांचवें और अंतिम चरण की मतगणना पूरी होने पर ढिल्लो को कुल 21,672 मत मिले, जबकि सपा प्रत्याशी दानिश अख्तर को 3,996 मत प्राप्त हुए।

इस प्रकार भाजपा उम्मीदवार ने 17,676 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। मेरठ में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की दोनों सीट पर भी भाजपा ने जीत हासिल की। इनके परिणाम मंगलवार देर रात घोषित किए गए थे।

एक अधिकारी के मुताबिक भाजपा उम्मीदवार दिनेश कुमार गोयल (मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र) और श्री चंद शर्मा (मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र) विजयी हुए। विजेताओं को प्रमाणपत्र भी सौंप दिए गए हैं। इस बीच, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगरा खंड शिक्षक सीट पर सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल की जीत का दावा करते हुए प्रशासन से आग्रह किया कि वह उन्हें जीत का प्रमाणपत्र तुरंत दे।

यादव ने एक्स पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें सपा प्रत्याशी अग्रवाल फटा कुर्ता पहने दिखाई दे रहे हैं और उनके समर्थकों ने अग्रवाल के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। यादव ने पोस्ट में कहा, अब भाजपा खुद ही बताए कि आगरा से जीतते हुए सपा के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल के साथ उसके लोगों द्वारा किया गया यह व्यवहार कितना जायज है। उन्होंने निर्वाचन आयोग के साथ-साथ उच्चतम न्यायालय और राष्ट्रपति से भी मामले का तत्काल संज्ञान लेने का अनुरोध किया और प्रशासन से अग्रवाल को जीत का प्रमाणपत्र तुरंत देने का आग्रह किया।

यादव ने कहा कि अग्रवाल के साथ हुए ऐसे अमानवीय व्यवहार और हिंसा के ऐसे वीडियो को देखकर संपूर्ण समाज बेहद आक्रोशित हो उठा है। उन्होंने कहा, अब तो अग्रवाल समाज भी समझ गया है कि सच में ‘भाजपा किसी की सगी नहीं है’।’’ इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पांचवें दौर की मतगणना के बाद समाजवादी पार्टी के डॉ. मानसिंह यादव 27,157 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अशोक राठौड़ से 7,648 मतों से आगे हैं। वहीं, गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने अंतिम चरण की मतगणना के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव पर 466 मतों की बढ़त बना ली है।

त्रिपाठी को 11,881, जबकि राजीव यादव को 11,415 मत मिले। सपा के डॉ. संजयान त्रिपाठी 8,301 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस सीट पर मतगणना के दौरान कुछ मतों के अंतर और प्रक्रिया को लेकर विवाद हुआ।

मऊ के एक बूथ की मतपेटी में दर्ज संख्या से 52 मत अधिक मिलने पर प्रत्याशियों ने आपत्ति जताई। इसके अलावा, एक प्रत्याशी की शिकायत के बाद अयोध्या के अपर आयुक्त अजय सैनी को मतगणना ड्यूटी से हटा दिया गया। हालांकि, प्रशासन ने कहा कि मतगणना नियमानुसार कराई जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़