Delhi में मुनक नहर किनारे बना 11 किमी लंबा Chhath Ghat, 12 नवंबर को नितिन नवीन करेंगे उद्घाटन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के मद्देनजर मुनक नहर पर आउटर रिंग रोड से इंदरलोक तक 11 किलोमीटर लंबा घाट तैयार कराया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक सिंगलपुर गांव के पास आयोजित समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इसका उद्घाटन करेंगे। इस वर्ष शहर भर में 1,400 से अधिक घाटों पर सुरक्षा, रोशनी और महिला चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

नयी दिल्ली, नौ नवंबर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि छठ पूजा के लिए मुनक नहर के किनारे तैयार किए जा रहे 11 किलोमीटर लंबे घाट का उद्घाटन 12 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान के अनुसार, आउटर रिंग रोड से इंदरलोक तक फैला यह घाट दिल्ली का सबसे लंबा घाट बताया जा रहा है। पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए इसके दोनों तरफ सीढ़ियां और कंक्रीट की सड़क होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नवीन सिंगलपुर गांव के निकट आयोजित कार्यक्रम में इस घाट का उद्घाटन करेंगे। बयान में कहा गया है कि 13 नवंबर से शुरू हो रहे चार दिवसीय पर्व से पहले गुप्ता ने एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले साल की तुलना में इस बार अधिक घाट तैयार किए जा रहे हैं।

पिछले साल के 1,326 घाटों की तुलना में इस साल दिल्ली में छठ पूजा के लिए 1,400 से अधिक घाट तैयार किए जा रहे हैं। बयान के मुताबिक, घाटों पर महिलाओं के लिए ‘चेंजिंग रूम’, प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी, तंबू और 24 घंटे सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर बुनियादी तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं।

इस साल छठ पूजा 13 से 16 नवंबर तक मनाई जाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़