भाजपा ने दिवंगत विधायकों की पत्नी को बनाया उम्मीदवार, अब राजनीतिक पारी की होगी शुरुआत

Chetan Chauhan

भाजपा ने नौगांव सादात में योगी सरकार में मंत्री रहे चेतन चौहान की पत्नी संगीता चौहान और बुलंदशहर में विधानसभा में मुख्य सचेतक रहे वीरेंद्र सिरोही की पत्नी उषा सिरोही पर दांव खेला है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है क्योंकि सात में से छह सीटों पर पार्टी का ही कब्जा था। इसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने सभी सातों सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया था। हालांकि, देवरिया सीट के लिए पार्टी नेताओं के बीच टिकट बंटवारे को लेकर सहमति बनने में कुछ देर हुई थी।

इसे भी पढ़ें: पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के चार संदिग्धों से ईडी ने की 5 घंटे पूछताछ 

भाजपा ने नौगांव सादात में योगी सरकार में मंत्री रहे चेतन चौहान की पत्नी संगीता चौहान और बुलंदशहर में विधानसभा में मुख्य सचेतक रहे वीरेंद्र सिरोही की पत्नी उषा सिरोही पर दांव खेला है। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पार्टी ने पहले से ही मन बना लिया था कि बुलंदशहर और नौगांव सादात सीट पर दिवंगत विधायकों के परिजनों को उम्मीदवार बनाना है।

योगी सरकार में मंत्री रहे चेतन चौहान का कोरोना संक्रमण से निधन हो गया जबकि कई बार के विधायक और पूर्व राजस्‍व मंत्री वीरेंद्र सिरोही का बीमारी के चलते निधन हो गया था। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा ने नौगांव सादात में चेतन चौहान की पत्‍नी संगीता चौहान और बुलंदशहर में वीरेंद्र सिरोही की पत्‍नी उषा सिरोही को उम्‍मीदवार बनाकर सहानुभूति का कार्ड खेलने की कोशिश की है। 

इसे भी पढ़ें: भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल, प्रत्याशियों के चयन में सहानुभूति और जातीय समीकरण पर दिया जोर 

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों ही सीट पर भाजपा पहले दिवंगत विधायकों के बेटों को टिकट देना चाहती थी लेकिन चेतन चौहान के बेटे की उम्र चुनाव लड़ने के लिए अभी कम थी जबकि वीरेंद्र सिरोही के दोनों बेटे खुट को उम्मीदवार समझने लगे थे और विवादों में आ गए थे। जिसके बाद अंतत: पार्टी ने मां को उम्मीदवार बनाने का निर्णय किया।

सियासत में नए-नए

दिवंगत चेतन चौहान की पत्नी संगीता चौहान राजनीति में अभी नई-नई हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए ऑनर्स और एलएलबी की पढ़ाई की है। हाई कोर्ट में वकालत कर चुकी संगीता चौहान पिछले साल ही सेंट्रल बैंक की महाप्रबंधक पद से रिटायर हुई हैं और उन्हें राजनीतिक अनुभव नहीं हैं। कुछ ऐसा ही हाल वीरेंद्र सिरोही की पत्नी उषा सिरोही का भी है। लेकिन भाजपा द्वारा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद दोनों ही नई पारी का अनुभव लेने के लिए तैयार हैं। 

इसे भी पढ़ें: चिन्मयानंद पर रेप के आरोप से जुड़े मुकदमे में आया बड़ा ट्विस्ट, अदालत में अपने बयान से पलटी छात्रा 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को अमरोहा की नौगांव सादात में बूथ स्थर पर बैठक की और बूथ अध्यक्ष से मुलाकात भी की। साथ ही साथ बैठक में मौजूद तमाम कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स दिए। इस बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनिवाल भी मौजूद रहे। उपचुनाव के लिए पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्वतंत्र देव सिंह ने पिछले हफ्ते सातों सीटों के बूथ स्‍तर के कार्यकर्ताओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग से संवाद स्‍थापित कर चुके हैं। भाजपा चाहती है कि सात में से सातों सीटों पर जीत दर्ज की जाए क्योंकि सात में से छह सीटों पर पहले से ही उनका कब्जा था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़