BJP बुधवार को देशभर में निकालेगी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च, दिग्गज नेता होंगे शामिल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के कथित प्रयासों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी बुधवार को विभिन्न राज्यों में बड़े पैमाने पर मार्च और रैलियां करेगी। भोपाल में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और गोरखपुर में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।

नयी दिल्ली, चार नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने अभियान के तहत बुधवार को कई राज्यों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च और रैलियां आयोजित करेगी। भाजपा का कहना है कि यह अभियान उन कथित प्रयासों के विरोध में शुरू किया है, जिनके जरिए राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को बाधित करने की कोशिश की जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा मध्यप्रदेश के भोपाल में एक मार्च में हिस्सा लेंगे।

यह मार्च अटल पथ से शुरू होकर रोशनपुरा चौराहे पर समाप्त होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ एक रैली में शामिल होंगे। राज्य के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे के दौरान नवीन का पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में भाग लेने और प्रबुद्ध वर्ग से संवाद करने का भी कार्यक्रम है।

पार्टी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, नवीन बुधवार को गोरखपुर पहुंचेंगे और दोपहर 12 बजे महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से मार्च की शुरुआत करेंगे, जो सरदार पटेल की मूर्ति के पास माता काली मंदिर पर समाप्त होगा। मार्च के बाद, वह तारामंडल स्थित ‘एनेक्सी भवन’ में समाज के प्रमुख लोगों से संवाद करेंगे और पार्टी के जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। वह बाद में शाम को भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई की कोर कमेटी की बैठक में भी शामिल होंगे।

यह दौरा उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा द्वारा अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने के क्रम में हो रहा है। बयान के अनुसार, नवीन बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे बाबा गोरखनाथ मंदिर जाएंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे, जिनमें प्रदेश व क्षेत्रीय स्तर पर सेवा दे चुके नेता, पूर्व जिला प्रभारी और पूर्व जिलाध्यक्ष शामिल हैं।

भाजपा अध्यक्ष पूर्व जन प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे, जिनमें पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, विधान परिषद सदस्य और स्थानीय निकायों व जिला पंचायतों के पूर्व अध्यक्ष शामिल हैं। बयान में कहा गया है कि वह बाद में पार्टी के आगामी अभियानों और चुनावी रणनीति की रूपरेखा पर चर्चा करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्रीय पदाधिकारियों और अन्य प्रमुख नेताओं सहित राज्य के पदाधिकारियों के साथ एक विस्तृत बैठक करेंगे। दिल्ली में, पूर्वी दिल्ली में इसी तरह का एक मार्च निकाला जाएगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा शामिल होंगे।

इस बीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत दिल्ली विश्वविद्यालय में एक विशाल छात्र रैली आयोजित करेगी। एबीवीपी का दावा है कि इस मार्च में 15,000 से अधिक छात्र भाग लेंगे, जो विश्वविद्यालय के रग्बी ग्राउंड से शुरू होकर क्रांति चौक की ओर बढ़ेगा। यह अभियान ऐसे समय में आयोजित किए जा रहे हैं जब कथित चुनावी अनियमितताओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज को लेकर भाजपा तथा विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक टकराव जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़