भाजपा ने गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में जीत दर्ज की

[email protected] । Nov 29 2016 5:19PM

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नोटबंदी पहल के बाद भाजपा को मजबूती प्रदान करते हुये पार्टी ने स्थानीय निकायों के चुनाव में दो नगर निगमों और एक तालुक पंचायत पर कब्जा कर लिया।

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नोटबंदी पहल के बाद भाजपा को मजबूती प्रदान करते हुये पार्टी ने स्थानीय निकायों के चुनाव में दो नगर निगमों और एक तालुक पंचायत पर कब्जा कर लिया। इन चुनावों के परिणाम आज घोषित किये गये। विभिन्न नगर निगमों, तालुक और जिला पंचायतों के लिए हो रही मतगणना में भी भाजपा 31 में से 23 सीटों पर आगे चल रही है। इन जिला पंचायतों की सीटों पर उपचुनाव हुआ है।

गुजरात राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी अंतिम परिणाम के मुताबिक, भाजपा ने वलसाड जिले के वापी नगर निगम में जीत दर्ज की और कुल 44 में से 41 सीटों पर कब्जा जमाया है। इन स्थानीय निकायों के चुनाव में कांग्रेस के खातों में केवल तीन सीट ही आ सकी। वापी नगर निगम पर पूर्व में भाजपा का कब्जा था।

इसी तरह, सूरत के कनकपुर-कानसाड नगर निगम के चुनाव में भाजपा ने विरोधियों का करीब-करीब सूपड़ा साफ कर दिया और 28 में से 27 सीटों पर जीत दर्ज की। एक सीट पर कांग्रेस को जीत मिली। इस सीट पर भी पूर्व में भाजपा का ही कब्जा था। राजकोट में भाजपा ने गोंडाल तालुक पंचायत सीट जीत ली है और कुल 22 सीटों में से 18 पर कब्जा जमाया है। यहां पर उप चुनाव हुआ था। कांग्रेस के खाते में केवल चार सीट ही आयीं। इससे पहले गोंडाल तालुक पंचायत पर कांग्रेस का कब्जा था।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़