BSP MLA Umashankar Singh का दिल्ली में निधन, रसड़ा से तीन बार बने थे विधायक

Bsp Mla
AI Image

उत्तर प्रदेश की रसड़ा सीट से बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का 55 वर्ष की आयु में दिल्ली के एक निजी अस्पताल में बुधवार रात इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उनके निधन पर बसपा अध्यक्ष मायावती तथा सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गहरा शोक जताया है। साल 2012 से लगातार तीन बार विधायक चुने गए उमाशंकर सिंह ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी।

बलिया (उप्र), पांच अगस्त बलिया जिले के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का बुधवार रात दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 55 वर्ष के थे। सिंह उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के इकलौते विधायक थे।

बसपा के आजमगढ़ और गोरखपुर मंडल के मुख्य संयोजक मदन राम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विधायक उमाशंकर सिंह का दिल्ली के एक निजी अस्पताल में रात्रि साढ़े आठ बजे उपचार के दौरान निधन हो गया। बसपा अध्यक्ष मायावती ने सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें एक समर्पित, ईमानदार और पूरी तरह से वफादार पार्टी नेता बताया। मायावती ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सिंह का निधन अत्यंत दुखद है।

बसपा प्रमुख ने सिंह के परिजनों और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मायावती ने कहा कि बसपा के प्रति सिंह की प्रतिबद्धता प्रशंसा से परे थी और उनका परिवार इस पार्टी के साथ हमेशा से जुड़ा रहा। उन्होंने कहा कि वह सिंह के इलाज के दौरान उनके बेटे के निरंतर संपर्क में थीं और बेटे से ही उनके निधन की जानकारी मिली।

बसपा प्रमुख ने सिंह के परिवार को इस मुश्किल घड़ी में पार्टी का पूर्ण सहयोग का भी आश्वासन दिया। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। राम ने बताया कि सिंह ने अपने करियर की शुरुआत एक छात्र नेता के रूप में की थी और वर्ष 1990-91 में वह बलिया के सतीश चंद्र कॉलेज के छात्रसंघ के महामंत्री चुने गए।

सिंह 2012 में पहली बार रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। इसके बाद 2017 और 2022 में भी वह रसड़ा से ही लगातार विधायक निर्वाचित हुए। उन्होंने बताया कि सिंह के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री है।

सिंह लंबे समय से अस्वस्थ थे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़