CBSE का बड़ा फैसला, New Education Policy के तहत अब पाठ्यक्रम में शामिल होगी मैथिली भाषा

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सीबीएसई द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से मैथिली को माध्यमिक स्तर पर शामिल करने के फैसले का स्वागत किया है, इसे उन्होंने मिथिला की सांस्कृतिक पहचान और भाषाई गौरव के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया है।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के पाठ्यक्रम में मैथिली को शामिल किये जाने का सोमवार को स्वागत करते हुए कहा कि यह मिथिला की सांस्कृतिक पहचान और भाषाईगौरव के लिए गर्व की बात है। सीबीएसई ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से मैथिली को माध्यमिक स्तर के विषय के रूप में शामिल करने का निर्णय लिया है।
चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “कक्षा एक से माध्यमिक स्तर तक सीबीएसई पाठ्यक्रम में मैथिली को शामिल किया जाना मिथिला की सांस्कृतिक पहचान और भाषाई गौरव के लिए गर्व का विषय है।” उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में मैथिली को शामिल कर मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सशक्त स्थान दिलाने की दिशा में उठाया गया यह कदम ‘‘ऐतिहासिक’’ और ‘‘अत्यंत सराहनीय’’ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय से मैथिली को नयी पहचान और सम्मान मिलेगा तथा यह भावी पीढ़ियों को उनकी मातृभाषा, संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय भाषाओं, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन को लगातार नयी मजबूती मिल रही है।
अन्य न्यूज़














