CEEW अध्ययन: गांगेय क्षेत्र में PM2.5 उत्सर्जन की मुख्य वजह लकड़ी और उपलों पर खाना पकाना

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

ऊर्जा, पर्यावरण और जल परिषद (सीईईडब्ल्यू) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार गांगेय क्षेत्र के सबसे प्रदूषित इलाकों में 36 से 49 प्रतिशत तक पीएम2.5 उत्सर्जन खाना पकाने में प्रयुक्त होने वाले पारंपरिक ईंधन के कारण होता है। इस क्षेत्र में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। घरों में इस्तेमाल होने वाले कुल ईंधन का करीब 80 फीसदी हिस्सा खाना पकाने में ही खर्च होता है।

गांगेय क्षेत्र के सर्वाधिक प्रदूषित इलाकों में लकड़ी, गोबर के उपलों और कोयले आदि से खाना पकाना पीएम2.5 उत्सर्जन का सबसे बड़ा स्रोत है। ऊर्जा, पर्यावरण और जल परिषद (सीईईडब्ल्यू) की ओर से बृहस्पतिवार को जारी एक नयी अध्ययन रिपोर्ट से यह बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में गांगेय क्षेत्र के सर्वाधिक प्रदूषित इलाकों में 36-49 फीसदी पीएम2.5 उत्सर्जन के लिए खाना पकाने में लकड़ी, गोबर के उपलों और कोयले आदि का इस्तेमाल जिम्मेदार है।

यह रिपोर्ट ऐसे समय में जारी की गई है, जब दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में हवा की गुणवत्ता लगातार खराब बनी हुई है और इसके लिए मुख्य रूप से पराली जलाने की घटनाओं और दिवाली पर पटाखे फोड़ने से हुए प्रदूषण को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। हाल के वर्षों में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत हासिल की गई प्रगति के बावजूद पीएम2.5 उत्सर्जन में खाना पकाने से जुड़ी गतिविधियों की हिस्सेदारी काफी अधिक बनी हुई है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मुफ्त एनपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए यह योजना मई 2016 में शुरू की गई थी।

अध्ययन के अनुसार, पीएमयूवाई ने वित्त वर्ष 2025-2026 में भारत के घरेलू पीएम2.5 उत्सर्जन में 15 प्रतिशत तक की कमी लाने में मदद की। सीईईडब्ल्यू में फेलो अभिषेक कर ने एक बयान में कहा, “आज भी कई परिवार खाना पकाने के लिए एलपीजी के साथ-साथ लकड़ी का इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि अगली बार सिलेंडर भरवाना उनके लिए महंगा पड़ता है। गांगेय क्षेत्र के सबसे प्रदूषित हिस्सों में खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाला ईंधन ही पीएम2.5 उत्सर्जन का सबसे बड़ा स्रोत है।” अध्ययन में इस बात पर प्रकाश डाला गया है कि घरों में ईंधन जलाने की प्रक्रिया साल भर चलती है और सर्दी के मौसम में यह काफी बढ़ जाती है, क्योंकि लोग घर को गर्म रखने के लिए भी ईंधन जलाते हैं।

इसमें कहा गया है कि घरों में इस्तेमाल होने वाले कुल ईंधन का लगभग 80 फीसदी हिस्सा खाना पकाने में खर्च होता है, इसलिए प्रदूषण फैलाने वाले ईंधन की जगह स्वच्छ ईंधन का इस्तेमाल करना ही घरेलू उत्सर्जन के बड़े हिस्से को कम करने का एकमात्र तरीका है। अध्ययन में पीएमयूवाई के तहत सर्दियों में अतिरिक्त सहायता देने की सिफारिश की गई है, ताकि प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक होने के दौरान अगला एलपीजी सिलेंडर भरवाना किफायती हो सके। इसमें सुझाव दिया गया है कि भारत के 25,000 से अधिक एलपीजी वितरक उन परिवारों को रियायती दरों पर प्रमाणित इंडक्शन चूल्हे और इलेक्ट्रिक प्रेशर कुकर बेच सकते हैं, जो सब्सिडी वाले चार सिलेंडर में से दो लेना छोड़ दें।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़