केंद्र सरकार आपदा में अवसर वाली सरकार, जरूरी चिकित्सा उपकरणों से जीएसटी हटाई जाए: कांग्रेस

vaccine

पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने यह दावा भी किया कि अगर टीकों, ऑक्सीजन सांद्रक और रेमडेसिविर इंजेक्शन से जीएसटी हटा ली जाए तो जनता एवं राज्य सरकारों को 6000 करोड़ रुपये का वार्षिक फायदा होगा।

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने बुधवार को केंद्र सरकार पर ‘आपदा में अवसर वाली सरकार’ होने का आरोप लगाया और कहा कि उसे अपना राजधर्म निभाते हुए कोरोना महामारी से निपटने के लिए जरूरी चिकित्सा उपकरणों को माल एवं सेवा कर (जीएसटी) के दायरे से मुक्त करना चाहिए। पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने यह दावा भी किया कि अगर टीकों, ऑक्सीजन सांद्रक और रेमडेसिविर इंजेक्शन से जीएसटी हटा ली जाए तो जनता एवं राज्य सरकारों को 6000 करोड़ रुपये का वार्षिक फायदा होगा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘टीके पर पांच फीसदी पर जीएसटी ली जा रही है। 

इसे भी पढ़ें: उड़ाई जा रही कोरोना प्रोटोकॉल की धज्जियां, ईद को लेकर बाजारों में उमड़ रही भीड़

यह सरकार रेमडेसिविर इंजेक्शन पर 12 फीसदी और ऑक्सीजन सांद्रक पर 12 फीसदी की जीएसटी वसूल रही है। वेंटिलेटर, मेडिकल ऑक्सीजन पर भी 12 फीसदी तथा एंबुलेंस पर 28 फीसदी की जीएसटी ली जा रही है।’’ वल्लभ ने कहा, ‘‘यह सरकार ‘आपदा में अवसर वाली सरकार’ है। मेरा सरकार से कहना है कि वह इतनी बेरहम नहीं बने। वह सकारात्मकता का प्रसार करने की बात करती है,लेकिन जीएसटी वसूल रही है। क्या देश के लोगों ने आप (सरकार) पर विश्वास जताकर पाप कर दिया कि उनके साथ आप यह व्यवहार कर रहे हैं?’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘टीके, रेमडेसिविर इंजेक्शन, ऑक्सीजन सांद्रक से जीएसटी हटा दी जाए तो देश के लोगों को 6000 करोड़ रुपये का फायदा होगा। इन 6000 करोड़ रुपये से 12 लाख ऑक्सीजन सांद्रक खरीदे जा सकते हैं। इतने पैसे में 20 करोड़ लोगों को टीके लगाये जा सकते हैं। इतने पैसे से छह नए एम्स खोले जा सकते हैं।’’ 

इसे भी पढ़ें: देश में वैक्सीन की किल्लत क्यों? वैक्सीन विदेश भेजे जाने पर भाजपा ने दी यह सफाई

कांग्रेस प्रवक्ता ने सरकार से आग्रह किया, ‘‘सरकार अपना राजधर्म निभाए और जरूरी चिकित्सा उपकरणों से जीएसटी हटाए।’’ उन्होने कहा कि सिर्फ बातें करने से सकारात्मकता नहीं आएगी, बल्कि इस महामारी से लड़ने के लिए जरूरी कदम उठाने के बाद ही सकारात्मकता की बात हो सकती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़