Baramati Airport पर रनवे से फिसला Cessna विमान, सवार दोनों लोग सुरक्षित

महाराष्ट्र के बारामती हवाई अड्डे पर रविवार दोपहर कार्वर एविएशन का एक सेसना सी172 प्रशिक्षण विमान लैंडिंग अभ्यास के दौरान रनवे से फिसलकर पक्के क्षेत्र से बाहर चला गया। इस घटना में विमान के चालक दल के दोनों सदस्य, उड़ान प्रशिक्षक कैप्टन चिराग शशिकांत दोईफोडे और प्रशिक्षु अभिजीत जुंद्रे पूरी तरह सुरक्षित हैं। नागर विमानन मंत्रालय के मुताबिक, विमान के इंजन और लैंडिंग गियर को पहुंचे नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा डीजीसीए की टीम प्राथमिक जांच के लिए रवाना हो गई है।
नयी दिल्ली, नौ अगस्त बारामती हवाई अड्डे पर रविवार दोपहर एक सेसना सी172 प्रशिक्षण विमान रनवे से फिसलकर बाहर चला गया, जिससे उसे नुकसान पहुंचा। विमान में सवार दो लोगों में से किसी को कोई चोट नहीं आई और न ही कोई हताहत हुआ। नागर विमानन मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की हवाई सुरक्षा टीम घटनास्थल पर जा रही है। टीम प्रारंभिक जांच करेगी, ताकि घटना की वजह बनने वाले हालात और कारकों का पता लगाया जा सके। दोपहर करीब 12 बजकर 25 मिनट पर कार्वर एविएशन की उड़ान प्रशिक्षण अकादमी द्वारा संचालित सेसना सी172 विमान (वीटी-एसईएक्स) के बारामती हवाई अड्डे पर रनवे से बाहर निकलने की घटना हुई।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘घटना में किसी के हताहत होने कोई सूचना नहीं है। विमान के प्रोपेलर, इंजन काउलिंग और आगे के लैंडिंग गियर में प्रथम दृष्टया नुकसान पहुंचा है। नुकसान का विस्तृत आकलन सक्षम प्राधिकारों द्वारा किया जाएगा।’’ विमान को ‘सर्किट एंड लैंडिंग इमरजेंसी (सीएल इमरजेंसी)’ प्रशिक्षण अभ्यास के लिए संचालित किया जा रहा था।
विमान की कमान उड़ान प्रशिक्षक कैप्टन चिराग शशिकांत दोईफोडे के हाथों में थी। उनके साथ प्रशिक्षु अभिजीत जुंद्रे भी विमान में सवार थे। मंत्रालय के बयान के अनुसार, विमान निर्धारित प्रशिक्षण अभ्यास के लिए दोपहर करीब 12 बजकर नौ मिनट पर बाहर निकला था।
बयान में कहा गया, ‘‘अभ्यास के दौरान विमान लिंक ब्रावो के जरिए रनवे पर पहुंचा और रनवे 29 के शुरुआती हिस्से पर खड़ा हुआ, जहां अस्वीकृत उड़ान अभ्यास किया गया।’’ मंत्रालय ने कहा, ‘‘इसके बाद विमान रनवे 11 के शुरुआती हिस्से पर खड़ा हुआ और वहां एक अन्य अस्वीकृत टेक-ऑफ अभ्यास किया गया।’’ मंत्रालय के अनुसार, अभ्यास के दौरान विमान पक्के रनवे क्षेत्र के भीतर रुक नहीं सका और बाद में रनवे 29 से आगे बढ़ते हुए पक्के हिस्से से बाहर दाईं ओर चला गया।
अन्य न्यूज़













