Varanasi में 5 नवंबर को Chirag Paswan की पार्टी करेगी नव संकल्प महासभा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश में अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने के उद्देश्य से जगतपुर इंटर कॉलेज में जनसभा करने का निर्णय लिया है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे और वह जनता से सीधा संवाद करेंगे। सांसद अरुण भारती ने तैयारियों की समीक्षा कर कार्यकर्ताओं को जरूरी निर्देश दिए हैं।

नयी दिल्ली, एक नवंबर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पांच नवंबर को वाराणसी में नव संकल्प महासभा आयोजित करेगी, जिसमें पार्टी अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को वाराणसी में पार्टी द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक के बाद यह घोषणा की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और जमुई से सांसद अरुण भारती ने की।

उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं को जरूरी निर्देश एवं सुझाव दिए। पार्टी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह रैली जगतपुर इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएगी, जहां चिराग पासवान लोगों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान वह उत्तर प्रदेश के लिए पार्टी के उद्देश्यों और प्रस्तावित घोषणापत्र की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे।

पार्टी ने बताया कि उसने इसी तरह की नव संकल्प महासभाओं के जरिए बिहार में जनसमर्थन जुटाया था, जिसके बाद उसने विधानसभा चुनाव में 29 सीटों पर चुनाव लड़ा और 19 सीटों पर जीत हासिल की। पार्टी अब उत्तर प्रदेश में भी इसी रणनीति को दोहराने का प्रयास कर रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़