भगवान मुरंगा के भाले के साथ नजर आए थे स्टालिन, पलानीस्वामी ने लगाया छल करने का आरोप

MK Stalin

मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी ने कहा कि अन्नाद्रमुक ने सभी धर्मों का समान रूप से सम्मान किया है लेकिन द्रमुक के साथ ऐसा नहीं है जो इस तरह के मामलों में छल में लिप्त रही है।

कोयंबटूर। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी ने रविवार को द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन पर छल करने का आरोप लगाया जो हाल में एक तस्वीर में भगवान मुरुगा के भाले जैसे हथियार, वेल के साथ नजर आये थे। पलानीस्वामी ने आरोप लगाया कि दिव्य प्रतीक पर विपक्ष के नेता की नजर अब इसलिए गई है क्योंकि विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। अन्नाद्रमुक के शीर्ष नेता ने यहां अपने अभियान के दूसरे दिन द्रमुक प्रमुख की ‘वेल’ के साथ एक तस्वीर की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह एक ‘‘छल करने वाला कृत्य’’ है। तमिलनाडु में अप्रैल या मई की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। 

इसे भी पढ़ें: आतंकी संगठन ‘शहादत हमारा मकसद’ के 10 सदस्यों के खिलाफ NIA ने दाखिल किया आरोप पत्र 

पलानीस्वामी ने कहा कि अन्नाद्रमुक ने सभी धर्मों का समान रूप से सम्मान किया है लेकिन द्रमुक के साथ ऐसा नहीं है जो इस तरह के मामलों में छल में लिप्त रही है। स्टालिन पर ‘छल’ करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि स्टालिन बाहरी दुनिया के लिए कोई बात कहते हैं, लेकिन वह अपने दिल से यह जानते हैं कि यह उनकी प्रतिबद्धता नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘भगवान आपको वरदान नहीं देंगे यदि आप केवल भगवान मुरुगा का वेल लेतेहैं। वरदान केवल अन्नाद्रमुक के लिए होगा।’’ द्रमुक पर लंबे समय से भाजपा और हिंदू मुन्नानी द्वारा हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया जाता रहा है। हिंदू मुन्नानी तमिलनाडु में संघ परिवार का एक संगठन है। हाल ही में, स्टालिन ने भाजपा और मुन्नानी को यह धारणा बनाने की कोशिश करने के लिए आड़े हाथ लिया था कि उनकी पार्टी हिंदुओं के खिलाफ है। 

इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी ने तमिलनाडु में किया चुनाव अभियान का आगाज, प्रधानमंत्री पर साधा निशाना 

द्रमुख प्रमुख ने कहा था, ‘‘यह सच्चाई नहीं है।’’ पलानीस्वामी ने आरोप लगाया, ‘‘चूंकि चुनाव नजदीक हैं, अब उन्हें (स्टालिन को) वेल दिख रहा है, इससे पहले उन्हें यह नहीं दिख रहा था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भगवान आपको (द्रमुक) चुनाव के जरिये उचित सजा देंगे।’’ शनिवार को द्रमुक कार्यकर्ताओं ने तिरुवल्लुर जिले में पार्टी के एक कार्यक्रम में स्टालिन को चांदी से बना एक‘वेल’ भेंट किया था। पलानीस्वामी ने कहा कि वह उनकी पार्टी थी जिसने भगवान मुरुगा के भक्तों के लंबे समय के अनुरोध पर ‘‘ताई पूसम’ उत्सव के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़