Noida को CM Yogi की सौगात, 45 Electric Bus सड़कों पर, बोले- ये है नया यूपी

Yogi ji
X @myogioffice

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध नगर के लिए 45 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाते हुए 'नए उत्तर प्रदेश' के विकास मॉडल को रेखांकित किया, जिसमें सतत परिवहन और बेहतर बुनियादी ढांचे पर जोर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गौतम बुद्ध नगर के लिए 45 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। योगी ने नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो के उद्घाटन के लिए लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, “शायद भगवान श्री राम पुष्पक विमान से अयोध्या आए थे लेकिन उसके बाद हजारों वर्षों तक अयोध्या वासियों को हवाई सेवा नहीं मिली। हजारों वर्षों तक अयोध्या उपेक्षित रही और आजादी के बाद भी इसे उपेक्षा का सामना करना पड़ता रहा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति बदल गई है और महर्षि वाल्मीकि को समर्पित एक हवाई अड्डा अब अयोध्या में शुरू हो गया है। उन्होंने कहा, “नए भारत का नया उत्तर प्रदेश’ परिवर्तन का गवाह बन रहा है, राज्य विश्व स्तरीय सड़क और हवाई संपर्क के लिए एक गंतव्य के रूप में उभर रहा है।” योगी ने 2017 से पहले राज्य की स्थिति को याद करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को खराब सड़कों, अराजकता के माहौल और सुरक्षा चिंताओं के मुद्दों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, “2017 से पहले उत्तर प्रदेश में निवेश की बात करना दूर के सपने जैसा था।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में ‘डबल इंजन’ सरकार ने बुनियादी ढांचे का विस्तार किया और राज्य में अब लगभग चार लाख किलोमीटर सड़क नेटवर्क है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण व संघर्ष जैसी वैश्विक चुनौतियों का भी जिक्र किया और कहा कि दुनिया पर्यावरण व भू-राजनीतिक मुद्दों के परिणामों का सामना कर रही है। योगी ने कहा कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए सतत विकास आवश्यक है। 

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़