कश्मीर घाटी और लद्दाख में शीतलहर का प्रकोप जारी

[email protected] । Jan 11 2017 1:40PM

तापमान के जमाव बिन्दु से नीचे चले जाने के कारण लद्दाख क्षेत्र सहित कश्मीर संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और अधिकांश स्थानों पर मंगलवार इस मौसम में सबसे सर्द रात रही।

श्रीनगर। तापमान के जमाव बिन्दु से नीचे चले जाने के कारण लद्दाख क्षेत्र सहित कश्मीर संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और अधिकांश स्थानों पर मंगलवार इस मौसम में सबसे सर्द रात रही। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि पूरे कश्मीर घाटी और कुछ स्थानों सहित लद्दाख क्षेत्र में तापमान के कई डिग्री सेल्सियस नीचे चले जाने के कारण मंगलवार मौसम की सबसे सर्द रात रही।

उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम पहाड़ी रिजॉर्ट में रात का तापमान शून्य से नीचे 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि एक रात पहले 6.2 डिग्री था। अधिकारी ने बताया कि रिजॉर्ट का न्यूनतम तापमान जनवरी महीने में तीन साल में सबसे कम दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के मशहूर स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में मौसम की सबसे सर्द रात रही और यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 13 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा और वर्ष 2012 के बाद से जनवरी के महीने में सबसे सर्द रात रही।

उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे, 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र में लेह शहर जम्मू कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि यह शहर में मौसम की सबसे सर्द रात थी। नजदीकी करगिल शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 14 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में राज्य में मुख्य रूप से मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़