UP में विधानसभा चुनाव की तैयारी, Congress ने गठित की राजनीतिक मामलों और चुनाव समिति

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए दो अहम समितियों के गठन को स्वीकृति दे दी है। पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल के अनुसार, 42 सदस्यीय राजनीतिक मामलों की समिति और 37 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति में प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है।
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) और प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया है। पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दोनों समितियों के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। राजनीतिक मामलों की समिति में 42 सदस्य शामिल किए गए हैं।
इनमें प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, वीरेंद्र चौधरी, प्रमोद तिवारी, किशोरी लाल शर्मा, इमरान मसूद, राजीव शुक्ला, इमरान प्रतापगढ़ी, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, सलमान खुर्शीद, राज बब्बर, अजय कुमार लल्लू, पी एल पुनिया और राशिद अल्वी प्रमुख हैं। इस समिति में कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा कई नेताओं और विभिन्न विभागों के प्रदेश अध्यक्षों को पदेन सदस्य बनाया गया है।
वहीं, प्रदेश चुनाव समिति की अध्यक्षता आराधना मिश्रा मोना करेंगी। इस समिति में 37 सदस्य शामिल हैं। इनमें प्रमोद तिवारी, इमरान मसूद, किशोरी लाल शर्मा, राजीव शुक्ला, अजय राय, सलमान खुर्शीद, राज बब्बर, अजय कुमार लल्लू, पी एल पुनिया, राशिद अल्वी और सुप्रिया श्रीनेत सहित अन्य नेता शामिल हैं।
चुनाव समिति में भी पार्टी के विभिन्न अग्रिम संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों को पदेन सदस्य के रूप में जगह दी गई है।
अन्य न्यूज़













