रीवा में कांग्रेस पदाधिकारी अमित कोल की चाकू मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

रीवा में कांग्रेस पदाधिकारी अमित कोल की चाकू मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
प्रतिरूप फोटो

मध्यप्रदेश के रीवा जिले में कांग्रेस के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमित कोल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। यह घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के परिवहन नगर में एक पेट्रोल पंप के पास हुई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की तलाश कर रही है।

रीवा (मध्यप्रदेश), 29 जुलाई मध्यप्रदेश के रीवा जिले में कांग्रेस के 36 वर्षीय स्थानीय पदाधिकारी की चाकू मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार देर रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के परिवहन नगर में शांति विहार कॉलोनी स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के रीवा जिला अध्यक्ष अमित कोल कुछ दोस्तों के साथ बातचीत कर रहे थे, तभी दो-तीन वाहनों से वहां पहुंचे लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। अधिकारी के मुताबिक, हमलावरों ने कोल को घेर लिया और उन पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि कोल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। रीवा के पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं और हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़