Congress MLA Sandeep Varier की कार का टायर फटा, दीवार से टकराने के बाद बाल-बाल बचे

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केरलम में कांग्रेस विधायक संदीप वारियर की कार शुक्रवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर कोझिचैना के निकट अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। वाहन का टायर फटने से चालक ने संतुलन खो दिया था, जिसके बाद पीछे चल रहे दो अन्य वाहन भी आपस में टकरा गए। पुलिस के अनुसार हादसे में विधायक समेत सभी सवार पूरी तरह सुरक्षित हैं।

केरलम में कांग्रेस विधायक संदीप वारियर की कार टायर फटने के बाद सड़क किनारे एक दीवार से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि हादसे में विधायक बाल-बाल बच गए। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार देर रात करीब दो बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर कोझिचैना के पास हुई, जब वारियर अपने कर्मचारियों के साथ कासरगोड जिले में स्थित अपने निर्वाचन क्षेत्र त्रिकारीपुर से मलप्पुरम के चथल्लूर जा रहे थे।

उसने बताया कि कार का टायर फटने से चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क किनारे बनी दीवार से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद विधायक की कार के पीछे चल रही एक अन्य कार भी तीसरे वाहन से टकरा गई। अधिकारियों ने बताया कि विधायक समेत तीनों वाहनों में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़