सपा से सीट बंटवारे पर Imran Masood नाराज, बोले- Congress गठबंधन में साझेदार है नौकर नहीं

सहारनपुर समेत पांच विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ किया कि वह अपनी पार्टी के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं और उसी के साथ जिएंगे और मरेंगे। मसूद ने सवाल उठाया कि एकतरफा सूची जारी करने के बाद बातचीत का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अपनी पार्टी के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उसी के साथ ‘जीएंगे और मरेंगे’, इसके अलावा उनका कोई दूसरा ध्येय या लक्ष्य नहीं है। मसूद का यह बयान उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से पांच सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने को लेकर उनकी नाराजगी जाहिर करने के एक दिन बाद आया है। मसूद इस बात से खासे नाराज हैं कि सपा ने जिन पांच सीट पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं, उनमें सहारनपुर भी शामिल है जो उनका लोकसभा क्षेत्र है।
उन्होंने सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर जारी बातचीत पर आपत्ति जताते हुए विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) में फैसले लेने और उनकी जानकारी सार्वजनिक करने के तरीके पर सवाल उठाए। मसूद ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा कि वह अपनी पार्टी के प्रति समर्पित हैं और उसके हितों के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “मैं अपनी पार्टी के लिए लड़ रहा हूं और अपनी पार्टी के साथ जिऊंगा, मरूंगा और रहूंगा।
इसके अलावा मेरा कोई और मकसद या लक्ष्य नहीं है।” कांग्रेस को 26 सीट दिए जाने संबंधी खबरों पर अपनी आपत्ति के बारे में पूछे जाने पर मसूद ने कहा कि गठबंधन में कांग्रेस बराबर की साझेदार है, कोई ‘‘नौकर’’ नहीं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं और क्या कहूं? आप (सपा) पहले सूची जारी कर देते हैं और फिर सीट छोड़ने की बात करते हैं।
क्या हम गठबंधन के साझेदार हैं या आपके नौकर? क्या हमने आपसे अपने लिए ये सीट छोड़ने को कहा था? हमने इस मुद्दे पर चर्चा की थी, लेकिन अब आदेश जारी कर दिया गया है कि हमें उन चर्चाओं के बारे में बात नहीं करनी चाहिए।’’ सपा ने मंगलवार रात जिन पांच सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा की थी, उनमें से चार पर फिलहाल उसके विधायक हैं।
इनमें सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, बेहट से उमर अली खान और अमरोहा से महबूब अली शामिल हैं। ये सभी सीट पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हैं। पांचवीं सीट ललितपुर (बुंदेलखंड) की है, जहां से सपा ने ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया है।
सीट बंटवारे की बातचीत में शामिल रहे मसूद ने सवाल किया कि यदि अंत में सीट की सूची एकतरफा ही जारी करनी थी, तो फिर बातचीत करने का क्या औचित्य था? सपा की ओर से बृहस्पतिवार को घोषणापत्र जारी किए जाने के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस सांसद ने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताया और टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘यह उनका फैसला है।
मैं इस पर कैसे टिप्पणी कर सकता हूं? गठबंधन का मतलब है कि संयुक्त संवाददाता सम्मेलन हों और सभी फैसले मिलकर लिए जाएं। यदि यहां कुछ अलग हो रहा है, तो मुझे इसकी जानकारी नहीं है।’’ मसूद ने कांग्रेस के प्रस्तावित ‘संविधान रक्षा मार्च’ की अनुमति नहीं दिए जाने पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि अनुमति नहीं दी जाती है, तो मैं क्या कह सकता हूं? जिस संविधान ने आपको सत्ता तक पहुंचाया है, उसी संविधान को आप कुचलना चाहते हैं।’’
अन्य न्यूज़














