कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी भंग की

बयान में कहा गया, ‘‘नए जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति होने तक मौजूदा अध्यक्ष कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में काम करेंगे।’’ अब तक शरत पटनायक ओडिशा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष थे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के कुछ दिन बाद रविवार को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) को भंग कर दिया।
कांग्रेस की ओर से एक बयान जारी करके कहा गया कि खरगे ने पूरे ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी को तत्काल प्रभाव से पूर्ण रूप से भंग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों और कार्यकारी समिति के अलावा जिला, प्रखंड और मंडल स्तर की कांग्रेस कमेटी, संगठन, विभाग, प्रकोष्ठ शामिल हैं।
बयान में कहा गया, ‘‘नए जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति होने तक मौजूदा अध्यक्ष कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में काम करेंगे।’’ अब तक शरत पटनायक ओडिशा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष थे।
कांग्रेस के ओडिशा प्रभारी अजय कुमार ने कहा, ‘‘संगठन के पुनर्गठन के इरादे से ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी को पूर्ण रूप से भंग करने के मेरे प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए मैं कांग्रेस अध्यक्ष माननीय खरगे जी और श्री के सी वेणुगोपाल जी को धन्यवाद देता हूं।’’ कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में ओडिशा की 21 में से एक संसदीय सीट और विधानसभा चुनाव में 147 में से 14 सीट पर जीत दर्ज की थी।
अन्य न्यूज़











