KCR के फार्महाउस पहुंचे Congress कार्यकर्ता, पुलिस ने रोका और KTR को लिया हिरासत में

हैदराबाद में तेलंगाना विधानसभा अध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार पर कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस और दलित कार्यकर्ताओं ने बीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव के एर्रावेल्ली स्थित फार्महाउस की ओर मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों को फार्महाउस से पहले ही रोक दिया गया, जबकि वहां जा रहे बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव को पुलिस ने एहतियातन हिरासत में ले लिया।
हैदराबाद, आठ सितंबर कांग्रेस और दलित कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव के एर्रावेल्ली स्थित फार्महाउस की ओर मार्च किया। मार्च में शामिल प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार के खिलाफ बीआरएस के एक एमएलसी की कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर माफी की मांग की। इससे पहले दिन में संबंधित एमएलसी थाथा मधुसूदन और बीआरएस के एक अन्य एमएलसी एन. नवीन कुमार रेड्डी को विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ कथित टिप्पणी के मामले में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया।
मधुसूदन ने हालांकि किसी भी तरह की अपमानजनक टिप्पणी करने से इनकार किया है। विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ कथित टिप्पणी और बीआरएस की महिला विधायकों के साथ पुलिस की कथित सख्ती के आरोपों को लेकर पिछले दो दिनों से तेलंगाना विधानसभा में हंगामा जारी है। पुलिस ने फार्महाउस के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे और प्रदर्शनकारियों को वहां पहुंचने से पहले ही रोक दिया।
ढोल बजाते और नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह टिप्पणी दलितों का अपमान है, क्योंकि प्रसाद कुमार दलित समुदाय से आते हैं। प्रदर्शनकारी नेताओं में से एक ने कहा, ‘‘राव (केसीआर) को तेलंगाना के दलितों से माफी मांगनी चाहिए। जब तक ऐसा नहीं होगा, हम यहां से नहीं हटेंगे।’’ प्रदर्शन के दौरान बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव और पार्टी के एक अन्य विधायक विधानसभा से फार्महाउस के लिए रवाना हुए।
पुलिस के एक अधिकारी ने पीटीआई-को बताया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए पुलिस ने रामा राव और बीआरएस के अन्य नेताओं को एहतियातन हिरासत में ले लिया। वाहनों को रोके जाने के बाद नाराज रामा राव (केटीआर) ने आरोप लगाया कि पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को फार्महाउस तक जाने दे रही है, जबकि बीआरएस नेताओं को रोका जा रहा है। उन्होंने एक पुलिस अधिकारी से कहा, ‘‘हमें क्यों रोका जा रहा है?
हमें आप पर भरोसा नहीं है। हमें अपने नेता की रक्षा करनी है।’’ रामा राव और बीआरएस के अन्य नेताओं ने हिरासत में लिए जाने के बाद सड़क पर बैठकर नारेबाजी की। बाद में उन्हें पुलिस वाहनों में ले जाया गया।
रामा राव ने कहा, ‘‘ मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और पुलिस हमारे नेता पर हमला करने की कोशिश कर रहे हैं। हमें अपने घर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। यह कांग्रेस के गुंडों द्वारा हमारे नेता की हत्या की कोशिश है।
गृह विभाग संभाल रहे रेवंत रेड्डी को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
अन्य न्यूज़













