Shivraj Singh Chouhan ने किसानों से की प्राकृतिक खेती और गोपालन अपनाने की अपील

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मथुरा के परखाम गांव में किसानों को प्राकृतिक और एकीकृत खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि गोपालन और लागत घटाने से छोटे किसानों की आमदनी में सुधार होगा। सरकार की प्राथमिकताओं में छोटे किसानों के लिए खेती को लाभप्रद बनाना और गांवों को गरीबी मुक्त करना शामिल है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को यहां कहा कि सरकार की दो प्राथमिकताएं हैं। पहला छोटे किसानों के लिए खेती को लाभप्रद बनाना और दूसरी गरीबी मुक्त गांवों का विकास करना। परखाम गांव में दीन दयाल कामधेनु गौशाला में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए इनपुट लागत घटाना और कृषि उपज बढ़ाना आवश्यक है।

उन्होंने किसानों से गाय पालने का अनुरोध करते हुए कहा, प्राकृतिक खेती और एकीकृत खेती इस दिशा में की गई पहल हैं। हमें इसे मिशन के तौर पर लेकर चलना होगा। इसके लिए गोबर, गोमूत्र, छांछ और मिट्टी की जरूरत है।

चौहान ने कहा कि गांवों को विकास का ऐसा मॉडल अपनाना चाहिए जिसमें किसान अकेले खेती पर निर्भर ना रहे, बल्कि गोपालन भी करे। “मैं इस दिशा में काम करने का प्रयास करूंगा।” दीन दयाल गौशाला समिति के कार्यों का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि वह पंचगव्य पर इसकी लैबोरेटरी और अनुसंधान से प्रभावित हैं। उन्होंने किसानों से अपनी जमीन के एक छोटे से हिस्से पर प्राकृतिक खेती शुरू करने का आग्रह करते हुए कहा, “मैं इस बात की गारंटी दे सकता हूं कि यदि इसे ढंग से किया जाए तो उत्पादन नीचे नहीं आएगा, लागत घटेगी और लाभ बढ़ेगा।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़