Election Commission विवाद पर Congress Working Committee मंगलवार को तय करेगी रणनीति

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े विवादों पर चर्चा के लिए मंगलवार को कार्य समिति की बैठक बुलाई है। इस बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग सहित आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और राजनीतिक रणनीति पर विचार-विमर्श होगा।
कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठे विवाद के बीच मंगलवार को इस मुद्दे पर आगे की रणनीति पर चर्चा करेगी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हो सकता है। निर्वाचन आयोग के भीतर मतदाता सूची और एसआईआर से जुड़े कुछ फैसलों को लेकर कथित तौर पर मतभेद सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है।
अंग्रेजी दैनिक ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की एक खबर में दावा किया गया है कि पिछले 10 महीने में दो निर्वाचन आयुक्तों ने ऐसे मामलों में 14 बार आपत्तियां दर्ज कराई थीं। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने कहा है कि आंतरिक विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय और सुझाव सामने आना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है तथा उसके फैसले सर्वसम्मति से और स्थापित वैधानिक प्रक्रिया के तहत लिए गए हैं। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।
खरगे ने सोमवार को कहा कि उन्होंने मंगलवार को कांग्रेस कार्य समिति की बैठक बुलाई है, जिसमें इस मुद्दे पर चर्चा होगी और सभी सदस्य अपने सुझाव देंगे। उन्होंने कहा, “हम इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएंगे। यह मुद्दा पूरे देश के लोगों, हमारे लोकतंत्र के अस्तित्व और भारत के भविष्य से जुड़ा हुआ है।
इसलिए हम इस विषय को लेकर बहुत गंभीर हैं।” कांग्रेस अध्यक्ष ने निर्वाचन आयोग के भीतर से कथित तौर पर सामने आई आपत्तियों का भी हवाला दिया और केरलम के पूर्व मुख्य सचिव जीजी थॉमसन के उस कथित बयान का जिक्र किया, जिसमें कहा गया है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने उनसे चुनाव लड़ने के लिए कहा था। खरगे ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विचारधारा का प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए और उनके खिलाफ उनके इस्तीफे के बाद भी कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और आगे की राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा किए जाने की संभावना है। कांग्रेस ने इससे पहले 19 अगस्त को हुई कार्य समिति बैठक में छात्रों से जुड़े मुद्दों और कुछ अन्य विषयों पर पर विस्तार से चर्चा की थी।
अन्य न्यूज़














