दातों से खोली बोतल और देखते ही देखते पूरी गटक ली...रांची में शराब पीकर टल्ली हुई बंदरिया, सेल्समैन ने वीडियो बना किया वायरल

Monkey
Social Media
अभिनय आकाश । Sep 26 2026 3:52PM

रांची के ओरमांझी में एक शराब की दुकान में घुसकर बंदरिया ने शराब पी ली और नशे में वहीं सो गई। सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने उसे सुरक्षित निकालकर भगवान बिरसा जैविक उद्यान अस्पताल पहुंचाया। जांच में बंदरिया गर्भवती पाई गई है और डॉक्टरों की निगरानी में पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा।

इंसानों को जाम छलकाते तो आपने खूब देखा होगा, लेकिन झारखंड की राजधानी रांची से सटे ओरमांझी के ब्लॉक चौक पर जो हुआ, उसे देखकर सोमरस के पुराने से पुराने शौकीन भी दंग रह गए। यहां शराब की दुकान पर किसी आम ग्राहक की नहीं, बल्कि एक बंदरिया मैडम की ग्रैंड एंट्री हुई। शाम करीब 7ः30 बजे का वक्त था रोज की तरह दुकान पर लोग अपनी-अपनी पसंद का ब्रांड तलाश रहे थे, तभी यह बंदरिया बड़े इत्मीनान से दुकान के अंदर टहलते हुए दाखिल हुई। पहले तो सेल्समैन को लगा कि मैडम शायद चिप्स या नमकीन (चकना) के इरादे से आई हैं, लेकिन उनका इरादा तो सीधे मेन कोर्स पर हाथ साफ करने का था। दुकान में रखी बोतलों का मुआयना करने के बाद उन्होंने एक बोतल चुनी, ढक्कन की परवाह किए बिना अपने अंदाज में कुछ घूंट हलक के नीचे उतारे और फिर जो हुआ, वो तो सिनेमा की भाषा में बोले तो फुल पैसा वसूल था।

इसे भी पढ़ें: जमुई में कथित यौन उत्पीड़न के विरोध में AISA और AIPWA ने रांची में किया प्रदर्शन

दो घूंट हलक से उतरते ही दुनिया का सारा तनाव, जंगल की फिक्र और डाल-डाल कूदने की थकान मानो पल भर में काफूर हो गई हो। शराब की दुकान ही उनका फाइव-स्टार सुइट बन गई। मैडम ने वहीं फर्श पर ऐसा आसन जमाया कि गहरी नींद के आगोश में चली गईं। नशे में टल्ली बंदरिया मानो कह रही हो कि बिल काउंटर पर छोड़ दिया है, सुबह से पहले कोई जगाना मत! आसपास लोग वीडियो बनाते रहे। कुछ देर के लिए दुकान में सन्नाटा पसर गया। स्थानीय लोगों के अनुसार बंदरिया गर्भवती बताई जा रही है। कुछ देर बाद नशा कम होने पर बंदरिया फिर सक्रिय हो गई और दुकान के भीतर इधर-उधर दौड़ने लगी। इस अनचाहे मेहमान ने दुकानदारों के सामने एक ऐसी समस्या खड़ी कर दी, जिसकी उन्होंने बिल्कुल भी उम्मीद नहीं की थी। बंदर के बारे में खबर फैलने के बाद, एक रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और उसे शराब की दुकान से सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की। इस घटना ने देखने वालों का मनोरंजन किया; ऐसा लग रहा था जैसे बंदर शराब की दुकान को ड्रिंक लेने और आराम करने की एक अनोखी जगह समझ रहा हो। सेल्समैनों ने इस घटना का वीडियो बनाया, जिसमें नशे में धुत बंदरिया उछल-कूद करती, एक सेल्समैन पर हमला करती और आखिर में दुकान में ही बेहोश होकर सो जाती दिखाई दे रही है। ये वीडियो इंटरनेट मीडया में तेजी से वायरल हो रहा है।

इसे भी पढ़ें: JSSC CGL परीक्षा में धांधली पर CID का बड़ा एक्शन, 16वीं गिरफ्तारी

सूचना मिलते ही विशेषज्ञ टीम फौरन मौके पर पहुंची। जीव विज्ञानी विवेकानंद और राकेश अवस्थी की अगुवाई में टीम ने बड़ी नज़ाकत से बंदरिया सुरक्षित रेस्क्यू किया। ठेके से सीधे उन्हें भगवान बिरसा जैविक उद्यान के अस्पताल ले जाया गया, ताकि रात के नशे का खुमार डॉक्टर साहब की निगरानी में उतरे। जांच में जब यह खुलासा हुआ कि बंदरिया गर्भवती हैं, तो डॉक्टरों के कान खड़े हो गए। अब डॉक्टर साहब उसकी पूरी सेहत और हैंगओवर दोनों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि जैसे ही मैडम पूरी तरह फिट और स्वस्थ पाई जाएंगी, उन्हें किसी बार या ठेके के बजाय सीधे उनके असली आशियाने यानी हरे-भरे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
 

All the updates here:

अन्य न्यूज़