Cyclone Arnab कमजोर पड़कर अवदाब में बदला, West Bengal में भारी बारिश का अलर्ट

Cyclone Arnab कमजोर पड़कर अवदाब में बदला, West Bengal में भारी बारिश का अलर्ट
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा के ऊपर चक्रवाती तूफान अर्णब के कमजोर होने से पश्चिम बंगाल के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार तक दक्षिण बंगाल के कई इलाकों और शनिवार सुबह तक उप-हिमालयी जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। अंडमान सागर में भी एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है।

चक्रवाती तूफान अर्णब के दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर कमजोर होकर अवदाब में बदल जाने से बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने बताया कि अवदाब के बृहस्पतिवार रात तक कमजोर होकर सुस्पष्ट निम्नदाब क्षेत्र में बदलने की संभावना है, जिससे शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

विभाग ने यह भी बताया कि बृहस्पतिवार सुबह दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। आईएमडी के अनुसार, जैसे-जैसे यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके और गहराने की संभावना है। मौसम विभाग ने चक्रवात अर्नब के प्रभाव के कारण शुक्रवार तक दक्षिण बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुरा और पुरुलिया जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

आईएमडी ने कहा कि शनिवार सुबह तक दार्जिलिंग, कलिमपोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे उप-हिमालयी जिलों में भारी बारिश होगी। उसने कहा शनिवार तक पूरे पश्चिम बंगाल में आंधी और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के तट पर स्थित सागर द्वीप में बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों के दौरान 81.8 मिलीमीटर बारिश हुई, जो इस अवधि में राज्य में सबसे अधिक है।

उसने कहा कि राज्य में मेदिनीपुर में 48 मिमी, दीघा में 46 मिमी, हल्दिया में 36 मिमी और कांथी में 35 मिमी वर्षा हुई। विभाग के शाम के बुलेटिन के अनुसार, कोलकाता में बुधवार शाम साढ़े पांच बजे से बृहस्पतिवार शाम साढ़े पांच बजे के बीच 14.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच 14.1 मिमी बारिश हुई। शहर में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक था।

बुलेटिन में कहा गया है कि अधिकतम और न्यूनतम सापेक्ष आर्द्रता का स्तर क्रमशः 98 प्रतिशत और 86 प्रतिशत दर्ज किया गया। चक्रवाती तूफान के कमजोर होने के बावजूद, अगले 24 घंटों के दौरान कोलकाता में आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है, जिस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 29 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़