Delhi Airport पर एक करोड़ रुपये का Ganja बरामद, थाईलैंड से आए यात्री को Customs ने पकड़ा

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने थाईलैंड से आए एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान उसके सामान से लगभग 99.99 लाख रुपये मूल्य का 2.85 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। यात्री के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नयी दिल्ली, नौ सितंबर सीमा शुल्क अधिकारियों ने यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर थाईलैंड के फुकेत से बैंकॉक होते हुए आए एक भारतीय यात्री के कब्जे से लगभग एक करोड़ रुपये कीमत की 2.85 किलोग्राम गांजा जब्त की। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सात सितंबर को टर्मिनल-3 पर एक यात्री को रोका गया।
बयान में कहा गया है कि उसे जांच के लिए ग्रीन चैनल भेजा गया, जिसके बाद सीमा शुल्क अधिकारियों ने उसके बैग की तलाशी ली और गांजा से भरे छह पॉलीथीन पाउच बरामद किए। बयान के मुताबिक, जब्त किए गए सामान का वजन 2,857.5 ग्राम था और इसकी कीमत लगभग 99.99 लाख रुपये थी। यात्री को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की धारा 43(बी) के तहत गिरफ्तार किया गया, जबकि प्रतिबंधित सामान को अधिनियम की धारा 43(ए) के तहत जब्त किया गया।
बयान में कहा गया है कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अन्य न्यूज़














