Delhi Murder Case का आरोपी साहिल पुलिस के हत्थे चढ़ा, बुलंदशहर से किया गिरफ्तार

shahbad dairy murder
viral video screenshot
रितिका कमठान । May 29 2023 3:19PM

दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में सनसनी खेज हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी साहिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि उसने नाबालिग लड़की पर चाकुओं से वार कर उसकी हत्या की थी।

दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में नाबालिग लड़की की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी साहिल को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे पुलिस ने बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है। साहिल ने 28 मई को नाबालिग युवती पर ताबड़तोड़ 40 वार करने के बाद उसे पत्थर से कुचल कर मौत के घाट उतार दिया था।

आरोपी साहिल की सीसीटीवी फुटेज के जरिए पहचान की गई थी जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने छह टीमें बनाकर उसकी छानबीन शुरू कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी साहिल फरार घूम रहा था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने लगातार छानबीन कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

महिला आयोग ने लिया संज्ञान

इस मामले के सामने आने के बाद दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके  में नाबालिग मासूम गुड़िया को चाकू से गोदकर मारा गया और उसके बाद पत्थर से कुचल दिया गया। दिल्ली में दरिंदों के हौसले बुलंद है। पुलिस को नोटिस जारी कर रहे है। सभी हदें पार हो गई है। मैंने इतने सालों के करियर में इससे भयानक कुछ नहीं देखा है।'

महिलाओं के लिए असुरक्षित दिल्ली

इसके बाद स्वाति मालीवाल ने एक वीडियो में कहा कि दिल्ली में एक 16 वर्षीय को 40-50 बार चाकू मारा गया और फिर पत्थर से कई बार वार किया गया जिसके बाद उसकी मौत हो गई। यह सब सीसीटीवी में कैद हो गया है। कई लोगों ने इसे देखा लेकिन ध्यान नहीं दिया। दिल्ली महिलाओं और लड़कियों के लिए बेहद असुरक्षित हो गई है। उन्होंने कहा कि मैं केंद्र सरकार से केंद्रीय गृह मंत्री, दिल्ली के उपराज्यपाल, दिल्ली के मुख्यमंत्री और दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाने की अपील करती हूं।

ये है मामला 

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 16 वर्षीय लड़की की कथित तौर पर उसके प्रेमी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। शाहबाद डेयरी इलाके में 16 वर्षीय लड़की पर लड़के ने सरेआम चाकू से 40 बार वार किया है और उसकी  हत्या कर दी। आरोपी ने कथित तौर पर उसे पत्थर से कुचल कुचल कर मार दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लड़की शाहबाद डेयरी में जे. जे. कॉलोनी की निवासी थी। वह सड़क पर बदहवास हालत में मिली। अधिकारी ने बताया कि वह सड़क से गुजर रही थी जब लड़के ने उसे रोका और उस पर हमला कर दिया। लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर शाहबाद डेयरी थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और शनिवार को उनके बीच झगड़ा हुआ था।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़