Delhi Police के हत्थे चढ़े Rohit Godara-Lipin Nehra गिरोह के 5 गुर्गे, हथियार और 2 SUV जब्त

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने जबरन वसूली और हथियारों की आपूर्ति में शामिल पांच गुर्गों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से छह भरे कारतूस, पांच खाली खोल, पांच मोबाइल फोन और महिंद्रा थार तथा टोयोटा फॉर्च्यूनर बरामद हुई हैं। विशेष पुलिस आयुक्त एचजीएस धालीवाल के अनुसार ये आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर काम कर रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने रोहित गोदारा-लिपिन नेहरा गिरोह के पांच कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से अवैध हथियार, गोला-बारूद तथा दो एसयूवी बरामद की हैं। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों की पहचान दिनेश उर्फ दीनू (27), प्रदीप (25), राजेश उर्फ छोटा (38), निखिल उर्फ सत्ती (34) और नवीन उर्फ छोटू (42) के रूप में की है।
अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त एचजीएस धालीवाल ने बताया कि पुलिस ने छह भरी हुई कारतूस, पांच खाली कारतूस, पांच मोबाइल फोन, एक टोयोटा फॉर्च्यूनर एसयूवी और एक महिंद्रा थार एसयूवी बरामद की है। धालीवाल ने कहा कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में मौजूद गैंगस्टर रोहित गोदारा और लिपिन नेहरा के निर्देश पर अवैध हथियारों की आपूर्ति करने, जबरन वसूली करने के लिए कारोबारियों और प्रॉपर्टी डीलरों की पहचान करने तथा वसूली गई रकम गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाने में शामिल थे। दिल्ली पुलिस ने पांच अक्टूबर को यह अभियान शुरू किया, जब अपराध शाखा की एक टीम को सूचना मिली कि विदेश में मौजूद गिरोह का एक सदस्य भारत में अपने साथियों को दिल्ली में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के निर्देश दे रहा है।
अन्य न्यूज़













