Delhi Police ने टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के 3 शूटर पकड़े, 2 पिस्तौल व 11 कारतूस जब्त

Delhi Police ने टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के 3 शूटर पकड़े, 2 पिस्तौल व 11 कारतूस जब्त
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

विशेष प्रकोष्ठ ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय टिल्लू ताजपुरिया और गुरविंदर बाबा गिरोह के तीन शूटरों हेमंत, नयन अग्रवाल और दुर्गेश राय को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अर्ध-स्वचालित पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे अमेरिका में बैठे गुरविंदर बाबा के निर्देश पर पंजाब से हथियारों की खेप लाए थे।

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने टिल्लू ताजपुरिया-कौशल चौधरी-गुरविंदर बाबा गिरोह के तीन कथित शूटर को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो अर्ध-स्वचालित पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी हेमंत उर्फ मोनू (33), नयन अग्रवाल (25) और दुर्गेश राय उर्फ​ डेविल (22) के रूप में की है।

अधिकारी ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में गिरोह के सक्रिय सदस्यों के बारे में मिली खुफिया जानकारी को लेकर 10 दिनों से अधिक समय तक निगरानी रखने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि हेमंत और अग्रवाल को एक गुप्त सूचना के बाद दो अगस्त को पश्चिम विहार के एक जिला पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया, जबकि दुर्गेश को आठ अगस्त को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने हेमंत और अग्रवाल के पास से एक अर्ध-स्वचालित पिस्तौल और आठ कारतूस बरामद किए।

पुलिस ने बाद में एक और पिस्तौल व तीन कारतूस बरामद किए। पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान, हेमंत और अग्रवाल ने खुलासा किया कि वे हथियारों और कारतूसों की खेप लेने के लिए गुरविंदर उर्फ बाबा के निर्देश पर मई में पंजाब के जीरकपुर गए थे। गुरविंदर वर्तमान में अमेरिका में है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों ने गुरविंदर द्वारा साझा किए गए स्थान पर एक खेत से हथियार एकत्र किए और बाद में उन्हें दिल्ली में अपने एक सहयोगी को सौंप दिया। अधिकारी ने कहा, वे रंगदारी वसूलने की कोशिश में मई में चंडीगढ़ में दो सैलून में भी गए थे, लेकिन साजिश को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद वे फिर से इन्हें निशाना बनाने की तैयारी में थे पर पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, गुरविंदर बाबा के निर्देश पर दुर्गेश ने पहले हरियाणा के करनाल में एक घर पर गोलीबारी की थी। वह राजस्थान में दर्ज अपहरण और लूट के एक मामले में भी आरोपी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़