मऊ में QR Code ठगी करने वाला Dharmendra Yadav गिरफ्तार, 16 सामान बरामद

मऊ में QR Code ठगी करने वाला Dharmendra Yadav गिरफ्तार, 16 सामान बरामद
प्रतिरूप फोटो

उत्तर प्रदेश पुलिस ने मऊ और आसपास के जिलों में फर्जी क्यूआर कोड और नकली यूटीआर नंबर दिखाकर दुकानदारों को ठगने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके ठिकाने से कूलर और फ्रिज समेत 16 इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य सामान बरामद किए हैं। आरोपी इंटरनेट बंद कर जनरेट हुए फर्जी यूटीआर दिखाकर दुकानदारों को झांसे में लेता था।

मऊ (उप्र), चार अगस्त उत्तर प्रदेश पुलिस ने फर्जी ‘क्यूआर कोड’ और नकली यूटीआर नंबर का उपयोग कर बिना भुगतान किए दुकानदारों से इलेक्ट्रॉनिक सामान हासिल करने के आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से 16 इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि धोखाधड़ी से हासिल किये गये इन सामानों में कूलर और फ्रिज भी शामिल हैं।

क्षेत्राधिकारी नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि कोतवाली नगर पुलिस ने बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र के हरिहरपुर चिलकहर मुड़ेंरा निवासी धर्मेंद्र यादव को उसके ससुराल से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि यादव गाजीपुर, मऊ, वाराणसी समेत विभिन्न जिलों में ऐसी दुकानों को निशाना बनाता था जहां ऑनलाइन भुगतान की पुष्टि के लिए ‘साउंड बॉक्स’ नहीं लगा होता था। सिंह ने बताया कि यादव मोबाइल का इंटरनेट बंद कर क्यूआर कोड स्कैन करता और जनरेट हुए फर्जी यूटीआर या क्लोन एप की नकली भुगतान रसीद दिखाकर दुकानदार को झांसे में लेता था।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अलग-अलग जगहों पर अलग नाम और पता बताकर वारदात करता था तथा ठगी से हासिल सामान को घर में रखता और बाद में कम कीमत पर बेचकर उससे अपना खर्च चलाता था। क्षेत्राधिकारी के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके ठिकाने से कुल 16 इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य सामान बरामद किए।

All the updates here:

अन्य न्यूज़